
मुंबई, 27 मई 2025 –
साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुचर्चित फिल्म स्पिरिट एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह बनी हैं बॉलीवुड की राइजिंग स्टार तृप्ति डिमरी। फिल्म के लिए पहले दीपिका पादुकोण को अप्रोच किया गया था, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने तृप्ति को फिल्म में साइन कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका इस फिल्म के लिए 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस मांग रही थीं, जो मेकर्स को मंजूर नहीं हुई। वहीं तृप्ति ने सिर्फ 4 करोड़ में हामी भर दी।
फिल्म ‘स्पिरिट’ को 500 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया जा रहा है और यह एक हाई-वोल्टेज एक्शन-ड्रामा होगी, जिसमें प्रभास एक पुलिस अफसर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। संदीप रेड्डी वांगा और तृप्ति डिमरी की जोड़ी इससे पहले ब्लॉकबस्टर फिल्म एनिमल में काम कर चुकी है, जिसने 900 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्लोबल कलेक्शन किया था। ऐसे में डायरेक्टर का भरोसा तृप्ति पर बनना स्वाभाविक है।
हालांकि, दीपिका के फिल्म से हटने के पीछे की वजहें अब भी पूरी तरह सामने नहीं आई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि फीस और स्क्रिप्ट को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पाई। सोशल मीडिया पर वांगा ने इशारों में दीपिका पर निशाना साधा, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
तेलुगु वेबसाइट ‘तेलुगु 360’ की रिपोर्ट के मुताबिक, तृप्ति को इस प्रोजेक्ट के लिए 4 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं, जो दीपिका की मांग से काफी कम है। फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होगी और 2026 में यह सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
प्रभास की झोली में पहले से ही कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं और तृप्ति डिमरी भी अब स्टारडम की नई ऊंचाइयों को छूती नजर आ रही हैं। अब देखना यह है कि ये नई जोड़ी दर्शकों पर क्या असर छोड़ती है।






