रामलीला मैदान में विपक्ष ने भरी हुंकार, बीजेपी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर दागे सवाल
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई बड़े नेता हुए शामिल

न्यूज डेस्क, 1 नवंबर 2026ः
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में विपक्षी नेताओं का जमावड़ा लगा। नेताओं ने बीजेपी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर निशाना साधा। विपक्षियों ने चुनावी अनियमितताओं का मुद्दा जोरशोर से उठाया। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करने के साथ ही ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव सहित कई बड़े नेता शामिल हुए।
‘देश में सालों से हो रही वोटों की चोरी’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में सालों से वोटों की चोरी हो रही है। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटों की चोरी हुई। उन्होंने कहा कि EVM के जरिए और वोटर लिस्ट से नाम हटाने या उसमें नाम जोड़ने के जरिए वोट चुराए गए हैं। कहा कि 2024 के चुनावों के बाद भारत के 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव एक अवैध चुनाव था। यह एक चुराया गया चुनाव था। उन्होंने कहा कि यह मैं नहीं, बल्कि चुनाव आयोग कह रहा है।

अमित शाह के अंगद वाले बयान पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गृहमंत्री अमित शाह के अंगद वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग अंगद का पैर कहने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे। अखिलेश यादव ने एक करोड़ से ज्यादा हिंदू वोट कटने को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा। अखिलेश ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां चुनाव लूटा गया और चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण कराकर वोट डलवाए गए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो दिया।
यूपी में मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा मुखिया ने कहा कि जब रामलीला मैदान में जनसभा होने जा रही थी तो यूपी सरकार की ओर से कहा गया था कि एक लाख 27 हजार हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए हैं। यानी हर विधानसभा क्षेत्र में 31 हजार वोट कम हुए हैं। सच्चाई यह हे कि हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने कहा कि यूपी के जरिये सत्ता में आए लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, क्योंकि ‘यूपी वाले’ उन्हें करारा जवाब देकर विदाई देंगे।’

‘मोदी के सत्ता से जाने पर ही लोकतंत्र बचेगा’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और महाराष्ट्र, बिहार व यूपी की सरकारों को ‘चोरी की सरकार’ बताते हुए कहा कि पीएम मोदी के सत्ता से जाने पर ही लोकतंत्र बचेगा। खरगे ने कहा कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जाती है, लेकिन कांग्रेस व गठबंधन के नेता इससे डरने वाले नहीं हैं।
‘आर्मी में शान से जाने वालों को बना दिया अग्निवीर’
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो इस देश की समस्या है, उसको बदलना चाहते हैं, देश को बदलना चाहते हैं। आप आज नहीं बदलेंगे तो बहुत देर हो जाएगी। 2014 तक जितनी सरकारों ने संपत्ति बनाई थी, उसे कारोबारी दोस्तों को दे दी। इन्होंने वादे किए थे कि नौकरियां देंगे। महबूबा ने कहा कि जो आर्मी में शान से जाते थे, उन्हें भी अग्निवीर बना दिया।
𝐕𝐨𝐭𝐞 𝐁𝐚𝐜𝐡𝐚𝐨, 𝐃𝐞𝐬𝐡 𝐁𝐚𝐜𝐡𝐚𝐨 𝐌𝐚𝐡𝐚 𝐑𝐚𝐥𝐥𝐲
This is a powerful political weapon against every vote chor.
Our message is clear: we will not allow anyone to undermine democracy or tamper with the people’s mandate. Every vote matters. Every voice matters.
📍Ramlila Maidan, New Delhi
— Congress (@INCIndia) November 1, 2026
‘हमारा बंगाल लूट लिया गया’
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम छोड़ेंगे नहीं, जिदंगी देंगे, हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटा गया, इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। कहा कि सिर्फ वोट नहीं लूटा, बल्कि पूरी काउंटिंग वैनिश कर दी। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है।






