एंटरटेनमेंट डेस्क, 14 मार्च 2026:
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अपनी चर्चित पॉलिटिकल क्राइम फिल्म सीरीज ‘सरकार’ के अगले भाग ‘सरकार 4’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग अगले महीने से शुरू की जाएगी।
राम गोपाल वर्मा ने यह जानकारी रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान दी। उन्होंने कहा कि वह ‘सरकार 4’ पर काम शुरू कर रहे हैं और इसकी शूटिंग जल्द शुरू होगी। इसी दौरान उन्होंने अपने एक अन्य प्रोजेक्ट ‘द सिंडिकेट’ का भी जिक्र किया और हल्के अंदाज में कहा कि यह फिल्म उनके सारे पाप धो देगी।
बता दें कि ‘सरकार’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने सुभाष नागरे का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म में अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिका में नजर आए थे। इसके बाद 2008 में ‘सरकार राज’ रिलीज हुई, जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं 2017 में आई ‘सरकार 3’ में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के साथ यामी गौतम, मनोज बाजपेयी और अमित साध भी दिखाई दिए थे।
अब ‘सरकार 4’ की अनाउंसमेंट के बाद दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि फिल्म की कहानी और कलाकारों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।






