योगेंद्र मलिक
देहरादून, 31 मार्च 2026:
ऋषिकेश में लंबे समय से लंबित बाईपास परियोजना को अब हरी झंडी मिल गई है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 4-लेन बाईपास के निर्माण के लिए 1105.79 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर से लेकर खरासोटे पुल तक बनाई जाएगी।
करीब 12.67 किलोमीटर लंबे इस बाईपास का रूट भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना को ईपीसी मोड पर लागू किया जाएगा, जिसमें डिजाइन से लेकर निर्माण तक की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी के पास होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी मिलने पर कहा कि राज्य में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने पर लगातार काम हो रहा है। उनके मुताबिक इस बाईपास के बनने से ऋषिकेश शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मंत्रालय के मुताबिक इस प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत 1151.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसे बाद में घटाकर 1139.40 करोड़ किया गया और आखिर में 1105.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। साफ निर्देश दिए गए हैं कि काम के दौरान समय या लागत में बढ़ोतरी मंजूर नहीं होगी। निर्माण के लिए टेंडर ई-टेंडरिंग के जरिए जारी किए जाएंगे और सभी काम तय मानकों के तहत होंगे।
इस परियोजना का खर्च वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार के बजट प्रावधान के तहत किया जाएगा। देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इसके लिए ड्रॉइंग और डिस्बर्सिंग ऑफिसर नामित किया गया है। बाईपास बनने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। चारधाम यात्रा के दौरान भी आवाजाही आसान होगी और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।






