Uttarakhand

मुख्य सचिव ने दी पुलिस अफसरों को हिदायत, कहा…पार्टी व हुड़दंगबाजी का अड्डा न बने देहरादून

देहरादून में बढ़ती घटनाओं पर अहम बैठक, मुख्य सचिव ने गश्त बढ़ाने से लेकर बार टाइमिंग और होम-स्टे की निगरानी तक एक्शन प्लान तैयार करने को कहा

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 31 मार्च 2026:

देहरादून में कानून-व्यवस्था को लेकर मंगलवार को सचिवालय में अहम बैठक हुई। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की। शहर में बढ़ रही रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ कहा कि पुलिस सड़कों पर दिखे और ऐसी गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगनी चाहिए।

बैठक में पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर बढ़ाने पर जोर रहा। मुख्य सचिव ने देहरादून और आसपास के इलाकों में गश्त तेज करने के निर्देश दिए। एसएसपी को कहा गया है कि सभी थानेदार पीक ऑवर में सख्ती से पेट्रोलिंग बढ़ाएं। डे-नाइट के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी मजबूत करने को कहा गया है, ताकि सुबह के समय भी निगरानी बनी रहे।

ये भी पढ़ें:

वीकेंड पर बढ़ती भीड़ और पार्टी कल्चर को लेकर भी चिंता जताई गई। मुख्य सचिव ने साफ कहा कि देहरादून को हुड़दंगियों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए बार और रेस्टोरेंट की तय समय सीमा को सख्ती से लागू करने को कहा गया है। बार संचालकों को भी नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जो बार तय समय के बाद खुले मिलेंगे या नियम तोड़ेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

अवैध बार संचालन पर भी सख्त रुख अपनाया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही जिन अधिकारियों की ड्यूटी में लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही गई है। शहर के आसपास तेजी से बढ़ रहे होम-स्टे पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि इनकी मैपिंग की जाए और यह देखा जाए कि कहीं पर्यटन के नाम पर बार लाइसेंस लेकर नियमों का गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा।

दिल्ली-देहरादून हाईवे खुलने के बाद वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पहले से तैयारी करने को कहा गया है। पुलिस को खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सत्यापन अभियान तेज करने को कहा गया है, ताकि बाहरी लोगों की सही पहचान हो सके और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

बैठक में डीजीपी दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  गुजरात : अहमदाबाद में पिता बना हैवान, 10 वर्षीय बेटे को पानी में जहर दे मारा, गिरफ़्तार

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link