Uttarakhand

अजय हत्याकांड : शार्प शूटर की प्रेमिका पुलिस के हत्थे चढ़ी… एक साल से थी फरार

राजपुर में तकिये से मुंह दबाकर की गई थी सौतेले भाई की हत्या, सबूत मिटाने के लिए डीवीआर भी ले गए थे आरोपी, एक साल बाद पुलिस ने सहारनपुर से पकड़ी जेल जा चुके मुख्य आरोपी की प्रेमिका

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 24 मई 2026:

राजपुर क्षेत्र में पिछले साल हुए अजय भटेजा हत्याकांड में दून पुलिस ने फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी राजन उर्फ जैकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसकी प्रेमिका को भी हत्याकांड में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि 26 मई 2025 को जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित घर में हत्या कर दी गई है। इसी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद था। जांच में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा के सौतेले भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी देने का लालच देकर हत्या की साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को सुपारी दी गई थी।

वारदात को अंजाम देने में राजन की प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया भी शामिल थी। योजना के तहत पहले अजय भटेजा को शराब पिलाई गई। इसके बाद जब वह सो गया तो तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने की कोशिश भी की गई, लेकिन आरोपी कामयाब नहीं हो सके।

जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों ने कमरे की सफाई कर सबूत मिटाने की कोशिश की। जाते समय सीसीटीवी की डीवीआर और कुछ अहम दस्तावेज भी साथ ले गए थे ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंच सके। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पहले राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था।

उसकी निशानदेही और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अब हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से पकड़ा गया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button