Champawat News : धामी की बड़ी घोषणा, पाटनी तिराहा अब हनुमान चौक के नाम से जाना जाएगा
बनबसा में सीएम ने हनुमान प्रतिमा का किया अनावरण, नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को दिखाई हरी झंडी, युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान

चम्पावत, 19 अक्तूबर 2026ः
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी चम्पावत के बनबसा पहुंचे। सीएम ने नशामुक्त देवभूमि उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, सीएम ने कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी घोषणा की। धामी ने कहा कि पाटनी तिराहे का नाम अब हनुमान चौक होगा।
11 फीट ऊंची हनुमान की भव्य प्रतिमा लगी
दौड़ को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री ने बनबसा के पाटनी तिराहे पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर लगभग 11 फीट ऊंची हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। साथ ही जय श्री राम कीर्तन मंडल की ओर से प्रस्तुत भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। धामी ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मां भगवती व भगवान श्रीराम से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
महिलाओं की भागीदारी राज्य की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार
उन्होंने मातृशक्ति के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी राज्य की उन्नति और प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के साथ ही युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सैनिकों के परिवारों के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार देश की रक्षा में समर्पित वीर सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान, उनके परिवारों के हितों की रक्षा और प्रदेश की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों एकड़ भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है।

लोगों से संवाद, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि देश के सबसे सख्त नकल-विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। इसके परिणामस्वरूप अब तक प्रदेश के 33,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। कार्यक्रम के समापन पर धामी ने श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






