Lucknow City

Shiva Sharma Murder Case : 9 दिन, 10 टीमें और बेखबर पुलिस! वीडियो जारी करती रही वांटेड मॉडल श्रद्धा, DCP व इंस्पेक्टर की कुर्सी छिनी

कमिश्नरेट पुलिस की हाईटेक निगरानी और मुखबिर तंत्र पर उठे सवाल, डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर हटाए गए, हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह लाइन हाजिर, श्रद्धा समेत तीन आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर किया गया 50-50 हजार

लखनऊ, 19 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी राजधानी के चर्चित युवा कारोबारी शिवा शर्मा (28) की हत्या के आरोप में फरार इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे की लुकाछिपी ने कमिश्नरेट पुलिस की हाईटेक निगरानी और मुखबिर तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 9 दिन से पुलिस की 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं लेकिन मोस्ट वांटेड श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश का सुराग नहीं मिल सका। इस बीच श्रद्धा के लगातार सामने आ रहे वीडियो और उसके लखनऊ पहुंचने की चर्चाओं के बाद शासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार देर रात डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। वहीं, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। डीसीपी सेंट्रल की जिम्मेदारी अब ट्रैफिक में तैनात रहे अर्पित विजयवर्गीय को सौंपी गई है।

इनाम दोगुना, फिर भी लोकेशन का पता नहीं

पुलिस ने फरार श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमें नेपाल सीमा पर लगाई गई हैं। पश्चिमी यूपी के एक जिले में भी टीम भेजी गई है लेकिन अब तक उनकी सटीक लोकेशन नहीं मिल सकी है। दानिश ने बृहस्पतिवार को अदालत में आत्मसमर्पण के लिए अर्जी दाखिल की थी।

नेपाल से लखनऊ पहुंचने की चर्चा, फिर दिल्ली भागने का दावा

नेपाल तक तलाश का दावा कर रही पुलिस के सामने रविवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब श्रद्धा का एक और वीडियो सामने आया। एक मीडिया संस्थान से बातचीत में उसने खुद को बेगुनाह बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा ने आत्महत्या की थी और उसने उसे बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाते देखा था। उसका कहना है कि बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आने पर सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी।

ये भी पढ़ें:

सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा रविवार को लखनऊ में मौजूद थी और शाम को वीडियो सामने आने के बाद उसके शहर में होने की चर्चा तेज हुई। बताया जा रहा है कि वह आत्मसमर्पण की अर्जी दाखिल करने के सिलसिले में लखनऊ आई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो को आगरा एक्सप्रेसवे के पास का बताया जा रहा है। यह भी चर्चा है कि वह एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली निकल गई। सूत्रों का दावा है कि इस बार उसने नेपाल से लौटने के लिए रुपईडीहा के बजाय सलोनी बॉर्डर का रास्ता अपनाया।

Advertisement

पुलिस सर्विलांस के दावों पर सवाल

श्रद्धा के वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस उसकी लोकेशन और नेपाल से लौटने के रास्ते पर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी है। अधिकारी जांच जारी होने की बात कह रहे हैं। 9 दिन की तलाश के बाद भी आरोपियों तक न पहुंच पाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल श्रद्धा, रश्मि और दानिश की तलाश जारी है।

मृतक शिवा
मृतक शिवा

संदिग्ध हालात में अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी मौत

मामला हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है। नौ अक्टूबर को शिवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर स्थित श्रद्धा दुबे के फ्लैट से नीचे गिरा था। बताया जाता है कि शिवा करीब चार महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक और शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट से जलाने के निशान मिलने की बात भी कही गई। इन परिस्थितियों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

अपार्टमेंट जहां घटना हुई
अपार्टमेंट जहां घटना हुई

शिवा की मां ने सीएम से लगाई गुहार

शिवा की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। शिकायत में श्रद्धा पर शिवा को चौथी मंजिल से धक्का देने का आरोप लगाया गया है जिसकी पुलिस जांच कर रही है। इस बीच मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में रंजना ने आरोपियों की भूमिका की जांच, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने, वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच कराने तथा लापरवाही या साक्ष्यों से छेड़छाड़ होने पर कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें  उद्यम को सवा दो करोड़ का लोन मंजूर...एलडीएम ने लाभार्थियों को थमाए स्वीकृति पत्र

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link