Lucknow CityUttar Pradesh

68500 Shikshak Bharti Protest : CM योगी को पोस्टकार्ड लिख मांगा न्याय, 400 से ज्यादा चिट्ठियां भेजीं

48वें दिन भी नहीं टूटी अभ्यर्थियों की उम्मीद, आरक्षण संबंधी गड़बड़ी पर पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन न होने से नाराज अभ्यर्थी, इको गार्डन में धरना जारी

लखनऊ, 18 अक्टूबर 2026:

यूपी में 68500 शिक्षक भर्ती से जुड़े आरक्षण संबंधी विवाद को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 48 दिनों से जारी है। इको गार्डन में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पोस्टकार्ड लिखकर न्याय की गुहार लगाई। अभ्यर्थियों ने अपनी समस्याएं और मांगें पोस्टकार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कोशिश की। आंदोलनकारियों के मुताबिक 400 से अधिक पोस्टकार्ड लिखकर शाम को डाक के जरिए भेजे गए।
68500-shikshak-bharti-protest-postcard-yogi-adityanath (2)

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। इस मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने 7 जुलाई को सर्वसम्मति से आदेश जारी किया था। हालांकि, आदेश के तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसका अनुपालन नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण हजारों प्रभावित अभ्यर्थियों को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।

पोस्टकार्ड पर लिखी पीड़ा, आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग

रविवार को आंदोलन स्थल पर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखे। इनमें भर्ती प्रक्रिया में कथित आरक्षण संबंधी गड़बड़ी को दूर करने, आयोग के आदेश का अनुपालन कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि उनके साथ न्याय किया जाए और लंबे समय से लंबित मामले का जल्द समाधान निकाला जाए।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने अभ्यर्थियों की ओर से लिखे गए पोस्टकार्ड लखनऊ के जनरल पोस्ट ऑफिस (जीपीओ) जाकर प्रधान डाकघर में जमा किए। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अभी तक भर्ती का शेड्यूल जारी होने या नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने के संबंध में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।
68500-shikshak-bharti-protest-postcard-yogi-adityanath (3)

Advertisement

OBC, दिव्यांग और पूर्व सैनिक अभ्यर्थी भी आंदोलन में शामिल

इस आंदोलन में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती से जुड़े विवाद के समाधान में हो रही देरी से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। 48 दिनों से जारी धरने के बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
68500-shikshak-bharti-protest-postcard-yogi-adityanath (4)

बोले- भर्ती का शेड्यूल जारी होने तक नहीं हटेंगे

पोस्टकार्ड लिखने वालों में आशुतोष वर्मा, तूफान सिंह, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, मोहित अहलावत, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, गायत्री जायसवाल, मयंक गुप्ता, मनीष पटवा, मनोज, आशीष, शेरा, दीपक पटेल, पंकज गोस्वामी, चंद्रशेखर पटेल, विनोद यादव, अभिषेक, नसीम फरीदी, तारिक अनवर, संतोष कुमार, अमित कुमार, सच्चिदानंद, आरिफ समेत सैकड़ों  आंदोलनरत अभ्यर्थी शामिल हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं किया जाता और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें  बेटी के प्रेमी को देखकर भड़का पिता...साथ आए दोस्त पर चाकू से किया हमला, मौत

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link