Emotional Moment : Yogi जी, मेरे विवाह पर आइए… जानिए कौन है भावुक पत्र लिखने वाली ये युवती
कभी आंसुओं को कमजोरी समझने वाली केरल की अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी के एक वीडियो से सीखा भावनाओं को स्वीकार करना, 20 दिसंबर को राहुल से विवाह से पहले दो पन्नों का हाथ से लिखा पत्र भेजकर किया समारोह में आने का आग्रह, कहा- ‘आप मेरे लिए नेता से कहीं बढ़कर, बड़े भाई जैसे हैं'

लखनऊ, 18 अक्टूबर 2026:
कभी अपनी आंखों में आने वाले आंसुओं को कमजोरी समझने वाली केरल की अरुंधति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक सीख जिंदगी का नजरिया बदलने वाली साबित हुई। बचपन में योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि भावुक होना कमजोरी नहीं अपितु अपनी भावनाओं को स्वीकार करने का साहस है। वर्षों पहले मिली यह सीख आज भी उनके जीवन का हिस्सा है। अब जब अरुंधति अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं तो उन्होंने अपने प्रेरणास्रोत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हाथ से लिखा दो पन्नों का भावुक पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने 20 दिसंबर को होने वाले अपने विवाह में शामिल होकर नवदंपती को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।
आंसुओं को कमजोरी मानने से शुरू हुआ बदलाव
अरुंधति ने पत्र में बचपन के उस दौर को याद किया है, जब छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ना उन्हें अपनी कमजोरी लगने लगा था। उनके कुछ दोस्त मानते थे कि मजबूत बनने के लिए भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी है। धीरे-धीरे अरुंधति के मन में भी सवाल उठने लगे कि क्या आसानी से रो पड़ने वाला व्यक्ति मजबूत नहीं हो सकता? क्या अपनी भावनाएं जाहिर करना शर्मिंदगी की बात है?
इसी बीच उनके चचेरे भाई ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। वीडियो में योगी को भावुक देखकर भाई ने उन्हें समझाया कि मजबूत होने के लिए भावनाओं को दबाना जरूरी नहीं है। योगी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भावुक होते हुए भी मजबूत बना जा सकता है। इस बात ने अरुंधति की सोच को नई दिशा दी। उन्हें समझ आया कि आंसू किसी की कमजोरी का प्रमाण नहीं बल्कि सहज मानवीय संवेदना का हिस्सा भी हो सकते हैं।
योगी की यात्रा से मिली आगे बढ़ने की प्रेरणा
अरुंधति के लिए यह सीख किसी एक घटना तक सीमित नहीं रही। उन्होंने समझा कि वास्तविक मजबूती मुश्किलों का सामना करने, गिरने के बाद फिर खड़े होने और चुनौतियों के बीच खुद पर भरोसा बनाए रखने में है। पत्र में उन्होंने लिखा, ‘जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।’ उनके लिए योगी आदित्यनाथ की यात्रा मेहनत, दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास का संदेश देती है। बचपन में देखे गए एक वीडियो से शुरू हुआ यह जुड़ाव समय के साथ सम्मान और प्रेरणा में बदल गया।

शादी में आने का न्योता, आशीर्वाद को बताया अनमोल
अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में होना है। इस खास मौके पर अरुंधति ने मुख्यमंत्री से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने लिखा, ‘मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं। मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है।’
उन्होंने मुख्यमंत्री की व्यस्तताओं को समझते हुए यह भी कहा कि यदि समारोह में पहुंचना संभव न हो, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा। अरुंधति का यह पत्र महज शादी का निमंत्रण नहीं अपितु उस सीख के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है, जिसने उन्हें अपनी भावनाओं को स्वीकार करना और खुद को कमजोर समझना छोड़ना सिखाया।






