Lucknow City

मॉल में ड्यूटी कर लौट रही थी युवती, ऑटो ड्राइवर ने जंगल मे किया दुष्कर्म, पुलिस ने गोली मारकर दबोचा

31 मई को हुई थी वारदात, पुलिस कई दिनों से तलाश में जुटी थी, कुशमौरा के पास जंगल में घेराबंदी कर पैर में मारी गोली, मासूम का गला रेतकर हत्या की कोशिश भी कर चुका है आरोपी, पुलिस आपराधिक इतिहास खंगाल रही

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 5 जून 2026:

निगोहां इलाके में ऑटो से घर लौट रही युवती को जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने के आरोपी चालक को पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती तेलीबाग स्थित एक मॉल में काम करती है। युवती 31 मई की शाम ऑटो से घर लौट रही थी। रास्ते में अन्य सवारियों के उतरने के बाद ऑटो में चालक और उसका एक साथी ही रह गए। आरोप है कि चालक ने मदापुर मंदिर चौराहे से ऑटो गौतमखेड़ा की तरफ मोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:

युवती के विरोध पर चालक ने जरूरी काम का बहाना बनाया और ऑटो को गौतमखेड़ा के जंगल में ले गया। आरोप है कि वहां युवती को जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक कार की रोशनी देखकर आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने कार सवार से मदद मांगी और परिजनों को सूचना दी।

घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता कुछ दिन तक चुप रही। बाद में उसने परिजनों के साथ पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस और सर्विलांस टीमों ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान उपदेश लोधी निवासी रंजीतखेड़ा, मजरा वीरसिंहपुर, थाना निगोहां के रूप में की।

गुरुवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुशमौरा के पास रमादाईखेड़ा मार्ग स्थित जंगल में छिपा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी और ऑटो से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो, तमंचा बरामद किया हैं। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रायबरेली के महाराजगंज थाने में एक मासूम का गला चाकू से रेतकर हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस उसका अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।

ये भी पढ़ें  दूध के टैंकर में छिपाकर हो रही थी शराब की तस्करी, पुलिस ने ऐसे किया भंडाफोड़, 10 लाख की शराब जब्त

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button