Lucknow City

मोहनलालगंज में धधका ट्रांसफार्मर, तहसील व कस्बे की बिजली गुल, करंट से मजदूर की मौत

तहसील गेट के पास जला ट्रांसफार्मर, बिजली कर्मचारियों ने सप्लाई बंद कर टाला बड़ा हादसा, निगोहां में पंखे का तार बोर्ड में लगाते समय 42 वर्षीय मजदूर ने गंवाई जान

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 12 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में बिजली से जुड़े दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को दहला दिया। मोहनलालगंज कस्बे में तहसील गेट के पास ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से तहसील समेत सैकड़ों लोगों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दूसरी तरफ निगोहां में पंखा लगाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई।

मोहनलालगंज तहसील गेट के पास रखे ट्रांसफार्मर में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा और ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई।प्रयागराज-रायबरेली हाईवे से गुजर रहे वाहन सवार भी कुछ देर के लिए सहम गए।

ये भी पढ़ें:

सूचना मिलते ही बिजली कर्मचारियों ने एहतियातन मोहनलालगंज कस्बे की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके चलते तहसील परिसर की बिजली भी ठप हो गई। सरकारी कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद दमकल वाहन काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंच सका। हालांकि समय रहते बिजली सप्लाई बंद किए जाने से बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर में आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। संबंधित विभाग नुकसान और आग के कारणों की जांच में जुटा है।

उधर, निगोहां के ग्राम करनपुर निवासी पुत्तीलाल रावत मंगलवार देर शाम मजदूरी करके घर लौटे थे। बताया गया कि वह बिना प्लग लगे फर्राटा पंखे के तार को बिजली के बोर्ड में लगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक तार बोर्ड में लग गया जबकि दूसरा तार उनके हाथ में रह गया। बिजली का करंट दौड़ते ही पुत्तीलाल तार से चिपक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

mohanlalganj-transformer-fire-power-outage-electrocution-death (2)

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की सूचना पर निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होने की बात सामने आई है।

ये भी पढ़ें  बर्थडे पार्टी में खाना खाने के बाद 20 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी, सीएचसी में कराया गया भर्ती

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button