NationalPolitics

संसद में फिर संग्राम : छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर आमने-सामने सत्ता पक्ष-विपक्ष, हंगामे में दोनों सदन स्थगित

रांची से जंतर-मंतर तक छात्र प्रदर्शन बना सियासी मुद्दा, भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, विपक्ष ने ‘अमित शाह जवाब दो’ के लगाए नारे

न्यूज डेस्क, 12 अगस्त 2026:

मानसून सत्र के समाप्त होने में महज दो दिन बाकी हैं लेकिन संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। सत्र के 18वें दिन बुधवार को भी संसद परिसर से लेकर दोनों सदनों के भीतर तक विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी का दौर जारी रहा। हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर झारखंड के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर ‘दोहरा रवैया’ अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा सांसदों का कहना था कि राहुल गांधी दिल्ली में छात्र आंदोलनों का समर्थन करते हैं लेकिन झारखंड में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार के दौरान छात्रों के साथ कथित बर्बर व्यवहार पर चुप हैं।

भाजपा के प्रदर्शन के जवाब में कांग्रेस व अन्य विपक्षी सांसदों ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विपक्ष ने दिल्ली और अन्य राज्यों में छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित तौर पर अत्यधिक पुलिस बल के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग की। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में ‘अमित शाह जवाब दो’ के नारे लगाए।

ये भी पढ़ें:

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लाठी और कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब युवा अपने भविष्य और अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो उनके साथ किए जाने वाले व्यवहार की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। उन्होंने बिहार में छात्रों के खिलाफ कथित बल प्रयोग का भी जिक्र किया।
parliament-monsoon-session-adjourned-student-lathicharge-protest (2)

इससे पहले हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही शुरू हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्ता पक्ष और विपक्ष से सदन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद स्वाभाविक हैं लेकिन देश चाहता है कि संसद में जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो। उन्होंने बताया कि उन्होंने विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की है और सरकार चर्चा के लिए तैयार है। गृह मंत्री भी चर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा चाहता है कि उसके मुद्दों पर संसद में चर्चा हो। उन्होंने सांसदों से नारेबाजी और हंगामे से सदन की गरिमा प्रभावित नहीं करने तथा सहमति बनाकर कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की। हालांकि, गतिरोध जारी रहा और अंततः लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

ये भी पढ़ें  World Lion Day पर योगी की अपील, अखिलेश का पलटवार- इटावा लायन सफारी पर छिड़ी सियासी जंग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link