बाराबंकी, 31 जनवरी 2026:
जिला मुख्यालय पर बसे शहर के साथ कस्बों में चोर सक्रिय है। चोरी की वारदातें बता रहीं हैं कि इन्हें पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। बीते कुछ दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन वाहन चोरी और एक घर में सेंधमारी हुई। पीड़ितों ने कोतवाली नगर और हैदरगढ़ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
घर के बाहर से एक्टिवा स्कूटी चोरी
कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के लखपेड़ाबाग इलाके में किराये के मकान में रह रहे शिवशंकर तिवारी की एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई। बताया गया कि घर के सामने खड़ी एक्टिवा 6G स्कूटी चोर उठा ले गए। काफी तलाश के बाद भी स्कूटी का कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद थाने में चोरी की सूचना दी गई।
मेगा मार्ट के बाहर से स्प्लेंडर बाइक गायब
कोतवाली नगर क्षेत्र में ही एक और वाहन चोरी की घटना सामने आई है। जैदपुर थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव निवासी सुधीर कुमार अपनी स्प्लेंडर बाइक से फैजाबाद रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट कपड़े खरीदने गए थे। उन्होंने बाइक बाहर खड़ी की और अंदर चले गए। दोपहर करीब 2.42 बजे बाहर निकलने पर बाइक वहां से गायब मिली। पीड़ित ने मामले में मुकदमा दर्ज कर बाइक बरामद कराने की मांग की है।
लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में बंद घर को बनाया निशाना
कोतवाली नगर क्षेत्र की लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। अमन मिश्रा अपने पूरे परिवार के साथ तीन दिन के लिए बाहर गए थे। इस दौरान चोरों ने घर में घुसकर सोने की नथ, बेदी, कान की बालियां, अंगूठी, माला, चांदी की पायल, बिछिया और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। 27 जनवरी को घर लौटने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद थाने में शिकायत दी गई।
हैदरगढ़ में रातोंरात चार पहिया वाहन चोरी
हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के घोसियाना वार्ड में एक चार पहिया वाहन चोरी का मामला सामने आया है। मुबारक अली की सुजुकी ईको कार रोज की तरह घर के बाहर लॉक कर खड़ी थी। 25 जनवरी की सुबह करीब 5.30 बजे जब वह बाहर निकले तो वाहन गायब मिला। मोहल्ले और आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन कार का कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने बताया कि वह लोन पर गाड़ी लेकर परिवार का खर्च चला रहे हैं और चोरी से वह भारी परेशानी में आ गए हैं।






