सीतापुर, 20 जनवरी 2026:
यूपी के सीतापुर जनपद के पवित्र तीर्थस्थल नैमिषारण्य स्थित मां ललिता देवी मंदिर में एक युवक बांका लेकर खुद की बलि देने के इरादे से पहुंच गया। पर्यटन पुलिस की सतर्कता से समय रहते युवक को पकड़ लिया गया और बड़ी अनहोनी टल गई। इसकी जानकारी होते ही मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर के मछरेहटा क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी कुसेंन्द्र (26) मंदिर में दर्शन के लिए गर्भगृह के अंदर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पर्यटन चौकी प्रभारी राजेश शुक्ला की नजर युवक पर पड़ी। प्रभारी को शक तब हुआ जब युवक बार-बार अपने हाथ में पकड़े बैग को खोलकर देखने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोक लिया और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से एक धारदार बांका बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में युवक ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह अपनी मन्नत के अनुसार खुद की बलि देने आया था। वह बांके की पूजा कराकर लाया है। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और उसके परिजनों को बुलाया गया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुसेंन्द्र की मानसिक स्थिति काफी समय से ठीक नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में युवक से पूछताछ की और उसे समझाया।
मालूम हो कि ललिता देवी मंदिर परिसर में पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। कई वर्ष पहले मंदिर प्रांगण में एक व्यक्ति द्वारा गला काटने की घटना में उसकी मौत हो गई थी। वहीं, कुछ श्रद्धालुओं द्वारा जीभ काटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
मंदिर के पुजारी गोपाल शास्त्री का कहना है कि मां ललिता देवी वैष्णव पीठ हैं। यहां केवल नारियल की भेंट चढ़ाने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि मंदिर में नरबलि पूरी तरह वर्जित है। माता नारियल की भेंट से ही प्रसन्न होती हैं।






