बिजनेस डेस्क, 18 फरवरी 2026:
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती तेजी ज्यादा देर टिक नहीं पाई। शुरू की बढ़त गंवाते हुए बीएसई सेंसेक्स दिन की ऊंचाई से करीब 400 अंक फिसल गया जबकि निफ्टी 25,650 के नीचे फिसलकर कारोबार करता नजर आया। पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया और निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली को तरजीह दी।
सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 256.77 अंक या 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 83,194.19 पर आ गया वहीं निफ्टी 75.8 अंक या 0.29 फीसदी फिसलकर 25,649.60 के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। बाजार की गिरावट की सबसे बड़ी वजह आईटी सेक्टर में जोरदार बिकवाली रही। पिछले दो दिनों की तेजी के बाद निवेशकों ने आईटी शेयरों में मुनाफा वसूला। इससे निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 2.4 फीसदी तक लुढ़क गया। इंडेक्स में शामिल सभी 10 शेयर लाल निशान में रहे।
आईटी दिग्गजों में इंफोसिस, टेक महिंद्रा और परसिस्टेंट सिस्टम्स 2.5 से 3 फीसदी तक टूटे। भले ही कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में बड़े अवसरों की बात कर रही हों लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े पैमाने पर AI अपनाने में अभी वक्त लगेगा। इस अनिश्चितता ने आईटी सेक्टर के सेंटिमेंट को कमजोर किया।
वैश्विक संकेत भी घरेलू बाजार के पक्ष में नहीं रहे। एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी फ्यूचर्स में पहले आई गिरावट का असर निवेशकों के मनोबल पर पड़ा। खासकर टेक शेयरों में दबाव और बॉन्ड यील्ड को लेकर चिंताओं ने जोखिम लेने की क्षमता घटाई। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर देखने को मिला।
विश्लेषकों के मुताबिक पिछले दो दिनों की तेज उछाल के बाद बाजार में स्वाभाविक मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। बैंकिंग और आईटी जैसे हैवीवेट शेयरों में बिकवाली से इंडेक्स पर दबाव बढ़ा। आगे की दिशा अब ग्लोबल संकेतों, अमेरिकी नीतिगत घटनाक्रम और आईटी कंपनियों के आउटलुक पर निर्भर करेगी।






