Business

कल की तेजी के बाद आज शेयर बाजार में आई गिरावट, जानिए किन शेयरों को हुआ नुकसान

शेयर बाजार में आज सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। ग्लोबल बाजारों की कमजोरी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते ऑटो, मेटल और फार्मा शेयरों पर दबाव रहा

बिजनेस डेस्क, 5 फरवरी 2026:

भारतीय शेयर बाजार आज दबाव में दिखा क्योंकि सेंसेक्स करीब 500 अंकों की गिरावट के साथ 83,300 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी भी 150 अंक टूटकर 25,600 के आसपास ट्रेड करता दिखा। आज बाजार में बिकवाली का माहौल बना हुआ है।

कई सेक्टरों में बिकवाली हावी

ऑटो, मेटल और फार्मा शेयरों में आज सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। दूसरी ओर IT और FMCG शेयरों में हल्की तेजी बनी हुई है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 शेयर गिरावट के साथ कारोबार किया, जबकि निफ्टी 50 के 37 शेयर नुकसान में चल रहे हैं।

ग्लोबल मार्केट की कमजोरी का असर

ग्लोबल बाजारों में भी कमजोरी का रुख बना हुआ है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.73 प्रतिशत गिरकर 53,898 पर कारोबार किया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 3.58 प्रतिशत गिरकर 5,179 पर आ गया है। हांगकांग का हैंगसेंग 1.28 प्रतिशत नीचे 26,503 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.03 प्रतिशत गिरकर 4,059 पर ट्रेड करता हुआ नजर आया। हालांकि अमेरिका में 4 फरवरी को डाउ जोंस 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 49,407 पर बंद हुआ था, लेकिन नैस्डैक 1.51 प्रतिशत और S&P 500 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

बीते कल यानी 4 फरवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार से 250 करोड़ रुपये निकाले। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 6.49 करोड़ रुपये की मामूली खरीदारी की। दिसंबर 2025 में विदेशी निवेशकों ने कुल 34,350 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 79,620 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को संभाला था।

कल बाजार में दिखी थी मजबूती

बुधवार को बाजार में सीमित बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 79 अंक चढ़कर 83,818 पर बंद हुआ था और निफ्टी 48 अंकों की बढ़त के साथ 25,776 पर बंद हुआ था। उस दिन ऑटो, एनर्जी और FMCG शेयरों में तेजी रही थी, जबकि IT और बैंकिंग शेयरों में कमजोरी देखने को मिली थी। सेंसेक्स के 30 में से 22 और निफ्टी 50 के 38 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button