National

बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार.. टिक नहीं पाई तेजी, सेंसेक्स व निफ्टी फिसले

शुरुआती कारोबार में हरे निशान पर रहे बाजार, बाद में बिकवाली के दबाव से गिरावट दर्ज, बना रहा उतार चढ़ाव

नई दिल्ली, 19 फरवरी 2026:

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त में रहे, मगर सेवा और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयरों में बिकवाली बढ़ने से बाजार जल्द ही लाल निशान में आ गया।

बता दें बुधवार को सेंसेक्स 283.29 अंक की बढ़त के साथ 83,734.25 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 93.95 अंक चढ़कर 25,819.35 के स्तर पर पहुंच गया था। गुरुवार को बाजार ने बढ़त से शुरुआत जरूर की, लेकिन अंत तक तेजी बरकरार नहीं रख सका। गुरुवार को कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 245.11 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,979.36 अंक तक पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 65.95 अंक चढ़कर 25,885.30 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। निवेशकों की खरीदारी से बाजार में शुरुआती उत्साह नजर आया।

हालांकि,समय बीतने के साथ ही मुनाफावसूली शुरू हो गई। इसके चलते सेंसेक्स 131.07 अंक गिरकर 83,603.18 पर आ गया, जबकि निफ्टी 30.70 अंक टूटकर 25,788.65 पर बंद हुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहा।

Share Market Today Sensex and Nifty Update (1)

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो, एशियन पेंट्स, अदानी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीसी, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।

दूसरी ओर इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर बढ़त में कारोबार करते नजर आए, जिससे बाजार को कुछ सहारा मिला।

एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक करीब 3 प्रतिशत चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 लगभग 1 प्रतिशत मजबूत रहा। हांगकांग और चीन के बाजार चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद रहे। वहीं अमेरिकी बाजार भी पिछली रात बढ़त के साथ बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.37 प्रतिशत बढ़कर 70.61 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,154.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 440.34 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button