कोहरे से ढंके हाईवे पर छह वाहनों की भिड़ंत…दो की मौत, 16 घायल
लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे पर मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, चार ट्रक, रोडवेज बस व कार क्षतिग्रस्त, ट्रक व बस चालक ने गंवाईं जान
अमेठी, 23 दिसंबर 2025:
अमेठी जिले में घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के मंगलम स्कूल के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। कुछ ही देर में पीछे से आ रहे चार अन्य ट्रक, रोडवेज की जनरथ बस और एक कार भी उसी ट्रक से जा भिड़े।

हादसे में ट्रक चालक शमशाद और रोडवेज बस चालक मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए। कार में सवार दंपती सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे आगे चल रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी कारण एक के बाद एक वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। Major Accident Due To Fog On Highway
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही सीएमओ अमेठी अंशुमान सिंह, एसडीएम मुसाफिरखाना अभिनव कन्नौजिया, तहसीलदार राहुल सिंह और नायब तहसीलदार रामलखन वर्मा मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।






