प्रमोद पासी
उन्नाव, 28 जनवरी 2026:
यूपी के उन्नाव जनपद के असोहा क्षेत्र अंतर्गत गोकुलपुर गांव में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को दहशत में डाल दिया। गांव के प्राथमिक विद्यालय में वर्षों से शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत श्रीकांति (40) की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है।
परिजनों के अनुसार वारदात मंगलवार रात करीब एक बजे हुई। श्रीकांति अपने घर के अंदर चारपाई पर सो रही थीं। अचानक गोली चलने की आवाज पर घर के सभी सदस्य जाग गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते, श्रीकांति चारपाई पर खून से लथपथ पड़ी थीं। परिजन उन्हें संभाल पाते उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका की 13 वर्षीय बेटी रिया ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रात में लघुशंका के लिए उठी थीं। उसी समय गोली की आवाज सुनाई दी। शोर मचाने पर पास में रहने वाले जेठ राजेंद्र सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना असोहा पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात एसपी जयप्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी तेज बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष फूल सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के अंदर और बाहर से अहम साक्ष्य जुटाए गए। मृतका के पति ओमकार रावत की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच उस समय उलझ गई जब मृतका की बेटी के बयान में विरोधाभास सामने आया। शुरुआती बयान में उसने हमलावर को भागते देखने की बात कही, जबकि बाद में कहा कि गोली की आवाज से उसकी नींद खुली और उसने किसी को स्पष्ट रूप से नहीं देखा। पुलिस इन बयानों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
श्रीकांति के परिवार में पति और बेटी गांव में रहते हैं। उनका बड़ा बेटा ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। परिजनों का कहना है कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। इससे हत्या की वजह और भी रहस्यमय हो गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया जाएगा।






