Shiva Sharma Murder Case : 6 घंटे पूछताछ, फिर जेल पहुंची मॉडल श्रद्धा दुबे, कोर्ट ने तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
नागपुर से लखनऊ लाई गई 50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे से हजरतगंज थाने में हुई पूछताछ, पुलिस के सवालों पर वकील से बात करने की देती रही दलील, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी पूछताछ

लखनऊ, 22 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के चर्चित युवा कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के आरोप में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को गुरुवार को करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। वहीं, पूछताछ के दौरान श्रद्धा पुलिस के सवालों पर चुप्पी साधे रही और बार-बार अपने वकील से बात करने की बात कहती रही।
50 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा दुबे को हत्याकांड के सिलसिले में एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार किया था। मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से पकड़े गए तीनों आरोपियों को एसटीएफ टीम गुरुवार सुबह लखनऊ लेकर पहुंची। इसके बाद उन्हें हजरतगंज थाने ले जाया गया जहां पुलिस ने अलग-अलग पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक श्रद्धा से तमाम सवाल किए गए। इस दौरान वह अपना चेहरा छिपाती नजर आई। पूछताछ में उसने कथित तौर पर पुलिस से कहा कि उससे नहीं बल्कि उसके वकील से बात की जाए। पुलिस ने उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी अलग-अलग पूछताछ की।
पूछताछ के बाद पुलिस तीनों को एक वैन में बैठाकर मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल ले गई। वहां करीब 35 मिनट तक उनकी मेडिकल जांच हुई। इसके बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया गया।

गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में श्रद्धा फरार चल रही थी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।






