शिवा शर्मा मर्डर केस : श्रद्धा दुबे को नागपुर से लखनऊ ला रही STF… होंगे कई बड़े खुलासे
मॉडल के दो नए ऑडियो से मचा हड़कंप, श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड, गुरुवार को लखनऊ में होगी पेशी, अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ, 21 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के चर्चित युवा कारोबारी शिवा शर्मा (28) की हत्या के केस में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। 50 हजार रुपये की इनामी श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को गिरफ्तार करने के बाद यूपी एसटीएफ नागपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। तीनों के गुरुवार सुबह तक राजधानी लखनऊ पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच गिरफ्तारी के बाद श्रद्धा के दो और ऑडियो सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इनमें वह कथित तौर पर शिवा को गाली देते हुए धमकी दे रही है।
72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड, सड़क मार्ग से लखनऊ ला रही STF
यूपी एसटीएफ ने मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को गिरफ्तार किया था। बुधवार को तीनों को नागपुर जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद एसटीएफ की टीम तीनों आरोपियों को लेकर सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
सूत्रों के मुताबिक पहले श्रद्धा को विमान से लाने की योजना थी, लेकिन लखनऊ के लिए सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना बदलनी पड़ी। नागपुर से लखनऊ की दूरी करीब 850 किलोमीटर बताई जा रही है। सड़क मार्ग से सफर में 14 से 15 घंटे लगने का अनुमान है। लखनऊ पहुंचने के बाद श्रद्धा को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
फरारी के दौरान कई शहरों में बदले ठिकाने
श्रद्धा दुबे वारदात के बाद से फरार थी। बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह लखनऊ से नेपाल, फिर लखनऊ, आगरा और दिल्ली होते हुए नागपुर पहुंची थी। एसटीएफ ने श्रद्धा के एक ब्वायफ्रेंड आमिर को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शिवा की मौत के समय आमिर भी श्रद्धा के साथ था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और उनकी भूमिका की पड़ताल करेगी।

श्रद्धा के फ्लैट से संदिग्ध हालात में गिरकर हुई थी शिवा की मौत
लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित श्रद्धा दुबे के फ्लैट से 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में अब तक सामने आए तथ्यों और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही मौत की परिस्थितियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
दिलचस्प बात यह है कि श्रद्धा दुबे का बुधवार को जन्मदिन भी है। वहीं, बेटे की अस्थियां विसर्जित करने के लिए रंजना शर्मा हरिद्वार पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि वह श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद ही हरिद्वार के लिए रवाना हुई थीं।

अखिलेश यादव का तंज, सरकार पर उठाए सवाल
इस मामले पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘श्रद्धा रखिए। बस आस्था बनी रहनी चाहिए, लेकिन भाजपाई श्रद्धा और आस्था से भी खिलवाड़ कर लेते हैं।’ उन्होंने मंदिर वाली श्रद्धा का जिक्र करते हुए कहा कि अब इस श्रद्धा से भी खिलवाड़ हो रहा है।
अखिलेश ने विकास दुबे मामले का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपनी सत्ता बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के प्रति दिखाई जा रही यह ‘श्रद्धा’ भी सरकार बचाने के लिए है। अब सबकी निगाहें एसटीएफ की पूछताछ पर टिकी हैं जिससे शिवा शर्मा की मौत के मामले में नए तथ्य सामने आने की उम्मीद है।






