
श्रावस्ती, 13 मई 2025:
यूपी के बहराइच स्थित सैयद सालार मसूद गाजी की दरगाह पर लगने वाले पारंपरिक जेठ मेले पर रोक लगाई जा चुकी है। अब सुरक्षा कारणों से श्रावस्ती के सोनवा क्षेत्र के दिकौली स्थित बड़े पुरुष की मजार पर भी इस वर्ष जेठ मेले का आयोजन नहीं होगा।
प्रशासन ने मेला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से बातचीत के बाद यह निर्णय लिया है। बड़े पुरुष, सैयद सालार मसूद गाजी के वालिद बताए जाते हैं। मान्यता है कि जब तक उनके मजार पर माथा न टेका जाए, गाजी की दरगाह की जियारत अधूरी मानी जाती है। इसी कारण हर साल जेठ महीने में हजारों की संख्या में जायरीन विभिन्न जिलों से यहां पहुंचते हैं।
हालांकि, वर्तमान हालात को देखते हुए बहराइच के बाद अब दिकौली के मेले पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि सुरक्षा कारणों से किसी भी धर्म के ऐसे आयोजन, जहां बड़ी संख्या में भीड़ जुटती है, उन्हें फिलहाल अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासनिक वार्ता के बाद मेला प्रबंध समिति ने सहमति जताते हुए 15 मई से प्रस्तावित जेठ मेले को रद्द कर दिया है।
अंबेडकरनगर : किछौछा बाजार में मेले के आयोजन पर रोक
अंबेडकरनगर जिले में कुछ स्थानों पर लगने वाले वाले सैयद सलार मसूद गाजी के पारंपरिक मेलों का आयोजन इस वर्ष नहीं होगा। पुलिस विभाग के अनुसार मेले के आयोजन के लिए किसी भी स्थान से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। महरुआ क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा मेला लगाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पुलिस द्वारा समझाने के बाद उन्होंने भी आयोजन स्थगित कर दिया। इसी तरह बसखारी के किछौछा बाजार में हर वर्ष जान अली शाह के नेतृत्व में मेला आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार यहां भी मेले पर रोक लगा दी गई है।






