सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026:
सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार को बड़ी निवेश सफलता मिली है। सिंगापुर की कंपनी यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने प्रदेश में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। ये निवेश ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे, जिनसे 20 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है।
सीएम ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की नीतिगत स्थिरता, बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक ढांचे की जानकारी दी। उन्होंने डेटा सेंटर परियोजना के लिए समूह को लखनऊ आने का आमंत्रण देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर निवेशकों को सहयोग देगी। पहले ही दिन हुए ये तीन एमओयू प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।
पहली परियोजना के तहत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के पास 100 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप विकसित की जाएगी। इस पर 3,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। परियोजना के धरातल पर उतरने से करीब 12,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसे 2027 में शुरू करने की योजना है। इससे जेवर के आसपास उभर रहे शहरी क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास से जुड़ी है। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 7,500 रोजगार सृजित होंगे। 2027 से शुरू होने वाली यह परियोजना प्रदेश की औद्योगिक और निर्यात गतिविधियों को नई गति देगी।
तीसरी परियोजना के तहत नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट आईटी पावर क्षमता वाला हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जाएगा। 2,500 करोड़ रुपये की इस परियोजना से करीब 1,500 रोजगार मिलेंगे और इसे 2028 में शुरू करने की योजना है। यह कदम यूपी को देश के प्रमुख डेटा सेंटर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।






