एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 9 मार्च 2026:
राजधानी के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के खुजेहटा गांव में सोमवार सुबह पिता से मामूली विवाद के बाद तैश में आए बेटे ने पिता पर लाठियां बरसा दी। जोरदार वार से पिता का सिर फूट गया उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि 17 साल का नाबालिग बेटा घर से फरार हो गया। घर के मुखिया की मौत पर मायके से लौटी पत्नी व छोटा बेटा सदमे में हैं।
खुजेहटा गांव में रहने वाले 45 वर्षीय रामकरन रावत खेती किसानी से परिवार की जीविका चलाते थे। वो पत्नी व पुत्र लवकुश करीब 17 वर्ष व विशाल रावत 15 वर्ष के साथ हंसी खुशी के साथ रह रहा था। कुछ दिन पूर्व रामकरन की पत्नी मायके गई थी। इसी दौरान बड़े बेटे ने घर मे रखा धान बेच दिया था। बिक्री से मिली मोटी रकम उसने अपने पास ही रखी। इसको लेकर पिता रामकरन ने एतराज जताया था।
सोमवार सुबह इसी बात को लेकर रामकरन और उनके बड़े बेटे लवकुश के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर लवकुश ने पास रखी लाठी से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से रामकरन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अपर पुलिस उपायुक्त वसंथ कुमार रल्लापल्ली मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






