Raebareli City

गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: बेकाबू कार ने नौ युवतियों को रौंदा, 4 की मौत, बाकी की हालत गंभीर

रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में हुआ हादसा, भंडारे में प्रसाद लेकर पैदल लौट रहीं थीं युवतियां, सभी को कुचलते हुए निकल गई कार, चालक फरार

विजय पटेल

रायबरेली, 9 फरवरी 2026:

यूपी के रायबरेली जिले में रविवार देर शाम दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहीं कई युवतियों को एक के बाद एक कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवारों में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा जगतपुर क्षेत्र के चूली गांव के पास हुआ। कोडर गांव की रहने वाली शालिनी, साधना, हिमांशी, रश्मि, आसमां, कृष्णावती, रिया, मीना और प्रिया चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी युवतियां निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते पैदल ही घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रही युवतियों को रौंदते हुए निकल गया।

WhatsApp Image 2026-02-09 at 11.02.23 AM

हादसे में सभी युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और घायलों को सीएचसी जगतपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शालिनी और हिमांशी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर आसमां और रश्मि ने भी दम तोड़ दिया। शेष पांच युवतियों का इलाज जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रवि कुमार और डीएम हर्षिता माथुर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

WhatsApp Image 2026-02-09 at 11.02.35 AM

हादसे के बाद ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। इस हादसे ने निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा इंतजामों और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button