लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर ओवरब्रिज से लटका टैंकर…हादसा टला, अटकी रहीं राहगीरों की सांसें
भारी क्षमता वाला टैंकर राख लादकर सीमेंट फैक्ट्री जा रहा था। रास्ते में ड्राइवर को टैंकर चलाते समय झपकी आ गई, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा
विजय पटेल
रायबरेली, 30 नवंबर 2025:
रायबरेली जिले में लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते बच गया। भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया के पास तेज रफ्तार से जा रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़कर करीब 30 फीट नीचे लटक गया। टैंकर को इस हालत में देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
बताया गया कि भारी क्षमता वाला एक टैंकर राख लादकर सीमेंट फैक्ट्री जा रहा था। रास्ते में ड्राइवर को टैंकर चलाते समय झपकी आ गई, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में चालक चोटिल हुआ है, लेकिन उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मदद की और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही भदोखर थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम वहां पहुंची। क्रेन से टैंकर को ऊपर लाने का काम शुरू किया गया, जिसके कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। ये टैंकर हाई कैपिसिटी का था। भारी भरकम वजन के कारण बचाव कार्य मे काफी मुश्किल आई। राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।






