बिजनेस डेस्क, 6 अप्रैल 2026:
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत सुस्ती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले। शुक्रवार को गुड फ्राइडे की छुट्टी के चलते बाजार बंद था, ऐसे में आज की शुरुआत पर ग्लोबल संकेतों का असर साफ दिखा।
30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 72 अंक फिसलकर 73,247 के आसपास पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी हल्की गिरावट के साथ 22,700 के नीचे कारोबार करता नजर आया। बाजार की इस चाल में निवेशकों की सतर्कता साफ दिखी। हालांकि रुपये ने थोड़ी राहत दी। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 33 पैसे मजबूत होकर 92.85 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार के जानकारों का कहना है कि इस समय माहौल काफी संवेदनशील बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ने से निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। खासतौर पर अमेरिका और ईरान से जुड़े हालात ने अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिसका असर सीधे बाजार पर दिख रहा है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर हालात बिगड़ते हैं तो बाजार पर और दबाव आ सकता है। वहीं किसी भी पॉजिटिव खबर पर तेजी से रिकवरी भी देखने को मिल सकती है। दूसरी तरफ, विदेशी निवेशकों की भारी शॉर्ट पोजिशनिंग भी बाजार की चाल को प्रभावित कर रही है। यही वजह है कि बाजार में शुरुआत से ही दबाव बना हुआ है।
पिछले हफ्ते भी बाजार में काफी उतार-चढ़ाव रहा। निफ्टी में हल्की गिरावट रही, जबकि सेंसेक्स भी नीचे बंद हुआ था। सेक्टर के हिसाब से फार्मा और हेल्थकेयर में ज्यादा कमजोरी दिखी, जबकि आईटी सेक्टर ने मजबूती दिखाई थी।






