Business

शेयर बाजार में दिखी तेजी… सेंसेक्स में जोरदार उछाल, डॉलर के मुकाबले रुपये में नई गिरावट

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 19 पैसे टूटकर 93.08 के अब तक सबसे निचले स्तर पर

बिजनेस डेस्क, 20 मार्च 2026:

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार ने बढ़त के साथ शुरुआत की। BSE Sensex शुरुआती कारोबार में 976 अंक चढ़कर 75,184 के आसपास पहुंच गया, जबकि NSE Nifty 301 अंक बढ़कर 23,303 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में तेजी के बीच रुपये पर दबाव बना रहा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 19 पैसे टूटकर 93.08 के स्तर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है।

इससे पहले गुरुवार को बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 2,496 अंक गिरकर 74,207 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 775 अंक टूटकर 23,002 के स्तर पर आ गया था। एक दिन में यह बड़ी गिरावट मानी जा रही है।

WhatsApp Image 2026-03-20 at 10.54.09 AM

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कभी तेजी तो कभी गिरावट, इसी के बीच निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत से बाजार को कुछ सहारा मिला है। वैश्विक बाजारों का असर भी दिख रहा है। जापान, हांगकांग और सिंगापुर के बाजारों में गिरावट रही, जबकि ताइवान और दक्षिण कोरिया में हल्की बढ़त देखने को मिली। अमेरिकी बाजार भी पिछली रात दबाव में बंद हुए।

सेक्टर की बात करें तो टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में बढ़त देखी गई। वहीं HDFC Bank के शेयर दबाव में रहे। बैंक के पूर्व नॉन एग्जीक्यूटिव चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद शेयर में कमजोरी आई और शुरुआती कारोबार में यह करीब 0.85 फीसदी गिर गया।

कच्चे तेल के दाम में भी गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड करीब 106.9 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा, जो हाल के उच्च स्तर से नीचे है। बाजार आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने गुरुवार को 7,558 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों ने 3,863 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button