Entertainment

इस शो मैन की सुपरहिट फिल्मों का बनेगा एनिमेटेड वर्जन…एमओयू साइन

मुक्ता आर्ट्स और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के बीच हुआ करार, कालीचरण, हीरो, खलनायक समेत कई सुपरहिट फिल्मों के किरदार अब एनिमेटेड शो और फिल्मों में आएंगे नजर

एंटरटेनमेंट डेस्क, 19 फरवरी 2026:

मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक सुभाष घई की कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड ने एनिमेशन वर्ल्ड की जानी-मानी कंपनी ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के साथ साझेदारी की है। इस समझौते के तहत मुक्ता आर्ट्स की लोकप्रिय फिल्मों पर आधारित एनिमेटेड फिल्में और शो तैयार किए जाएंगे। साथ ही नए ओरिजिनल एनिमेटेड कंटेंट पर भी काम किया जाएगा।

दरअसल, सुभाष घई ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दी हैं। अब इन्हीं कहानियों और किरदारों को नए अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस साझेदारी को भारतीय सिनेमा की क्लासिक कहानियों को नई पीढ़ी से जोड़ने की बड़ी पहल माना जा रहा है।

एनिमेशन प्रोजेक्ट पर मिलकर करेंगे काम

मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड और ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के बीच हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू)के अनुसार, ग्रीन गोल्ड कंपनी मुक्ता आर्ट्स की चर्चित फिल्मों की बौद्धिक संपदा पर आधारित एनिमेटेड शो और फीचर फिल्मों के विकास और निर्माण में सहयोग करेगी। उद्देश्य यह है कि पुराने दौर की लोकप्रिय कहानियों को आधुनिक तकनीक और नए फॉर्मेट में पेश किया जाए।

पहले ही शुरू हो चुका है एनिमेशन विस्तार

मुक्ता आर्ट्स ने साल 2025 में एसजीएम एनिमेशन स्टूडियो लॉन्च किया था। यह स्टूडियो एनिमेटेड फिल्में, वेब सीरीज, कॉमिक बुक्स और गेम्स के निर्माण पर काम कर रहा है। कंपनी अपनी चार दशक पुरानी फिल्म लाइब्रेरी का इस्तेमाल करते हुए नई कहानियां और किरदार भी विकसित करेगी।

इन फिल्मों पर बनेंगे एनिमेटेड शो

इस प्रोजेक्ट के तहत कालीचरण, कर्ज, हीरो, कर्मा, राम लखन, खलनायक, सौदागर और इकबाल जैसी फिल्मों से प्रेरित एनिमेटेड कंटेंट तैयार किया जाएगा। इन फिल्मों के किरदारों पर आधारित स्पिन ऑफ कहानियां भी बनाई जाएंगी, ताकि युवा दर्शकों को नया अनुभव मिल सके।

क्या बोले निर्माता और कंपनी

ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक और सीईओ राजीव चिलका ने कहा कि यह साझेदारी लंबे समय तक चलने वाले एनिमेशन आईपी तैयार करने की दिशा में अहम कदम है। उनका कहना है कि क्लासिक फिल्मों की कहानियों को एनिमेशन की दुनिया में लाकर वैश्विक दर्शकों से जोड़ा जाएगा। वहीं सुभाष घई ने कहा कि मुक्ता आर्ट्स हमेशा भावनाओं से जुड़ी कहानियां कहने में विश्वास रखता है। एनिमेशन के जरिए इन कहानियों को नई पीढ़ी तक नए रूप में पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button