
स्पोर्ट्स डेस्क, 29 अगस्त 2026:
2026 में भारत को T20 World Cup जिताने वाले सूर्यकुमार यादव अब भारतीय T20I टीम का हिस्सा नहीं हैं। कप्तानी से हटाए जाने के बाद उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को T20I की कमान सौंपी गई है। टीम से बाहर किए जाने के बाद सूर्यकुमार ने पहली बार इस पूरे घटनाक्रम पर खुलकर बात की है।
पूर्व बल्लेबाज आकाश से बातचीत में खुलकर बोले
पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा से बातचीत में SKY ने बताया कि चयनकर्ताओं ने टीम की घोषणा से करीब दो-तीन दिन पहले ही उन्हें फोन करके फैसले की जानकारी दे दी थी। सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें बताया गया कि अब आगे बढ़ने का समय है।
फैसले पर नहीं जताई नाराजगी
सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले पर कोई गुस्सा नहीं दिखाया। उनका मानना है कि चयनकर्ताओं ने जो फैसला लिया, उसके पीछे टीम के हित को लेकर उनकी अपनी सोच रही होगी। उन्होंने कहा कि फैसला लेने वाले लोगों को लगा होगा कि आने वाले समय के लिए यही बेहतर है। इसलिए उन्हें इस फैसले से कोई शिकायत नहीं है। SKY ने साफ किया कि वह इस तरह की स्थिति में प्रतिक्रिया देने के बजाय आगे की तरफ देखना पसंद करते हैं।
टीम में नाम नहीं था, फिर भी मुस्कुराए
सूर्यकुमार ने बताया कि जब उन्होंने टीम में अपना नाम नहीं देखा तो वह निराश होने के बजाय मुस्कुरा दिए। उनके मुताबिक मुश्किल या दबाव वाली स्थिति में खुद को शांत रखने के लिए वह पहले भी ऐसा करते रहे हैं। SKY ने बताया कि टीम के साथ शुरुआती वर्षों में जब हालात उनके मुताबिक नहीं होते थे, तब भी वह मुस्कुराकर खुद को रिलैक्स रखने की कोशिश करते थे। उनका मानना है कि ऐसे ही मुश्किल मौकों के बाद उन्हें अच्छा करने के मौके मिले हैं।
डेढ़ महीने तक घर पर सोचते रहे
T20I टीम से बाहर होने का फैसला सूर्यकुमार के लिए आसान नहीं था। उन्होंने माना कि 2026 की शुरुआत में उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ होगा। उन्हें लग रहा था कि वह अगले दो साल तक भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। टीम से बाहर होने के बाद करीब डेढ़ महीने तक वह घर पर रहे। इस दौरान उनके मन में बार-बार यही सवाल आता रहा कि World Cup जीतने के तुरंत बाद ऐसा फैसला कैसे हो गया।
सूर्यकुमार ने बताया कि इस दौरान दोस्त परिवार के लोग भी उनके साथ रहे। उन्होंने समझाया कि करियर में इस तरह के फैसले आते रहते हैं। हालांकि, उनके मुताबिक जब लोग घर से चले जाते थे तो वह अकेले में इस बारे में काफी सोचते थे।
IPL का प्रदर्शन भी चर्चा में रहा
SKY ने माना कि IPL भी उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं गया था। इसके बावजूद उन्हें लगा था कि पिछले कुछ समय में T20I टीम का प्रदर्शन मजबूत रहा है। उन्होंने कहा कि दो साल में टीम ने एक भी सीरीज नहीं गंवाई, World Cup के साथ Asia Cup भी जीता, ऐसे में बदलाव को लेकर उनके मन में सवाल उठना लाजिमी था। उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि जो अच्छा दौर चल रहा है, वह आगे भी जारी रहे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि एक ही स्थिति को अलग-अलग लोग अलग तरीके से देख सकते हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर क्या बोले
श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने पर सूर्यकुमार ने किसी तरह की नाराजगी नहीं जताई। उन्होंने कहा कि वह श्रेयस के साथ काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। उनके मुताबिक श्रेयस अच्छे खिलाड़ी होने के साथ अच्छे इंसान भी हैं, साथ ही वह अच्छे कप्तान भी हैं। सूर्यकुमार ने कहा कि उनके मन में यह सवाल नहीं था कि श्रेयस को कप्तान क्यों बनाया गया। हालांकि, कप्तानी के साथ T20I टीम से बाहर किए जाने का फैसला उन्हें थोड़ा निराश जरूर कर गया।
टीम को जरूरत होगी तो उपलब्ध रहेंगे
भारतीय टीम से बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार ने साफ कर दिया कि वह क्रिकेट खेलना बंद नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि वह लगातार खेलते रहेंगे। अगर भारतीय टीम को उनकी जरूरत महसूस होती है तो वह उपलब्ध रहेंगे। SKY ने कहा कि जब भी टीम को लगेगा कि वापसी का सही समय है और परिस्थितियां अनुकूल हैं, वह तैयार रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर टीम किसी दूसरे कप्तान की अगुआई में अच्छा प्रदर्शन करती है तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं होगी।






