Haryana

हरियाणा के पानीपत से संदिग्ध जासूस गिरफ्तार, पाकिस्तान भेज रहा था संवेदनशील जानकारी

चंडीगढ़, 15 मई 2025

हरियाणा पुलिस ने पानीपत से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह संदिग्ध व्यक्ति देश में रहकर के पाकिस्तान में कुछ व्यक्तियों को भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी गुप्त रूप से पहुंचा रहा था।

मामले में पुलिस ने बुधवार को बताया कि संदिग्ध नौमान इलाही (24) उत्तर प्रदेश के कैराना का रहने वाला है, जो जिले में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। करनाल के एसपी गंगा राम पुनिया, जो पानीपत के एसपी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, ने कहा, “…(इलाही) पाकिस्तान में कुछ लोगों के संपर्क में था और उन्हें संवेदनशील जानकारी मुहैया करा रहा था।”

जब पूछा गया कि इलाही किससे संपर्क में था, तो पुनिया ने कहा, “ये चीजें जांच का हिस्सा हैं। हमने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, और आगे की जांच जारी है।” इलाही की गिरफ्तारी पिछले महीने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ हाल ही में हुए सैन्य टकराव के मद्देनजर हरियाणा में बढ़े हुए अलर्ट के बीच हुई है।

भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को यह समझौता हुआ था कि चार दिनों तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद तत्काल प्रभाव से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयां बंद कर दी जाएंगी, जिससे दोनों देश पूर्ण युद्ध के कगार पर पहुंच गए थे।

यह गिरफ्तारी एक अन्य घटना के तुरंत बाद हुई है जिसमें पंजाब पुलिस ने कहा था कि उन्होंने दिल्ली स्थित उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी से जुड़ी जासूसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button