Lucknow City

लखनऊ में व्यापार मंडल की नई टीम का शपथ ग्रहण, व्यापारियों के हित में मिलकर काम करने का संकल्प

भाजपा नेता नीरज सिंह ने विकासनगर इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित

लखनऊ, 17 फरवरी 2026:

लखनऊ के विकासनगर में मंगलवार को लखनऊ व्यापार मंडल की स्थानीय इकाई का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने की। मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता नीरज सिंह ने विकासनगर व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान शपथ लेने वालों में संरक्षक पान सिंह भंडारी और मोहम्मद सबाहत, चेयरमैन डॉ. अनुपम सिंह भंडारी, अध्यक्ष मोहम्मद शोएब जलाली, वरिष्ठ महामंत्री मोहम्मद शरीफ सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद अकरम, महामंत्री अमन शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमान मुस्तफा खान सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा उपाध्यक्ष, संगठन सचिव, प्रचार मंत्री, मीडिया प्रभारी और विधि सलाहकार जैसे विभिन्न दायित्वों के लिए चुने गए प्रतिनिधियों ने भी जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली।

मुख्य अतिथि नीरज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ है और हर परिस्थिति में राष्ट्र के साथ खड़ा रहता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार व्यापारी वर्ग के साथ मिलकर काम कर रही है। उनके हितों को सर्वोपरि रखा जा रहा है। उन्होंने नई टीम से व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और स्थानीय स्तर पर सहयोग की मजबूत व्यवस्था बनाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन का समापन आपसी सहयोग, व्यापारिक हितों की रक्षा और क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button