स्पोर्ट्स डेस्क, 13 फरवरी 2026:
T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपना दूसरा लीग मुकाबला धमाकेदार अंदाज में जीत लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। बल्लेबाजी में ईशान किशन और हार्दिक पंड्या चमके, तो गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और हार्दिक ने कमाल कर दिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिल्ली में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया का खेल हर क्षेत्र में दमदार नजर आया। बल्लेबाजी में आक्रामक रुख, गेंदबाजी में धार और फील्डिंग में चुस्ती ने यह साफ कर दिया कि भारत इस बार खिताब के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम ने लगातार दूसरा मैच जीतकर ग्रुप ए के पॉइंट्स टेबल के टॉप पर जगह बना ली है।

शाम साढ़े छह बजे नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया। भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
भारत की पारी, ईशान और हार्दिक का जोर
भारत की शुरुआत संभली हुई रही। संजू सैमसन 22 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ईशान किशन ने आते ही तेवर दिखा दिए। उन्होंने 61 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। तिलक वर्मा ने 25 रन जोड़े, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 52 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में आक्रामक शॉट्स की भरमार रही। शिवम दुबे 23 रन बनाकर रन आउट हुए। अक्षर पटेल खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि रिंकू सिंह 1 रन बना सके। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 4 विकेट लेकर जरूर असर डाला, लेकिन टीम को बचा नहीं सके।
नामीबिया की पारी, भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
बड़े लक्ष्य के दबाव में नामीबिया की शुरुआत ही लड़खड़ा गई। लोरेन स्टीनकैंप ने 29 रन बनाए, जबकि जान फ्रिलिंक 22 रन पर आउट हुए। जेजे स्मिट खाता भी नहीं खोल सके और मालन क्रूगर 5 रन बनाकर चलते बने।
जसप्रीत बुमराह ने रूबेन ट्रम्पेलमैन को 6 रन पर बोल्ड किया। हार्दिक पंड्या ने बर्नार्ड शोल्ट्ज को 4 रन पर कैच आउट कराया और बेन शिकोंगो को भी शून्य पर पवेलियन भेजा। वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट झटके। अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या को 2-2 सफलता मिली। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और बुमराह ने एक-एक विकेट लिया। पूरी टीम 116 रन पर ढेर हो गई।

ईशान की तूफानी पारी ने रचे कई रिकॉर्ड
सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने इस मुकाबले में रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी। उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से चौथे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने युवराज सिंह की बराबरी की, जिन्होंने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 गेंदों में पचासा लगाया था।
ईशान टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले के दौरान अर्धशतक पूरा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले केएल राहुल ने 2021 में और रोहित शर्मा ने 2024 में यह कारनामा किया था। भारत ने इस मैच में पावरप्ले के छह ओवर में 1 विकेट पर 86 रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर रहा।






