स्पोर्ट्स डेस्क, 21 फरवरी 2026,
T20 विश्व कप 2026 का ग्रुप राउंड समाप्त हो चुका है और अब सुपर आठ का रोमांच शुरू हो गया है। आज पहले मुकाबले में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में होगा। दोनों टीमें लीग चरण में 2024 की चैंपियन और उपविजेता से हार चुकी हैं। पाकिस्तान को भारत से 61 रन से हार मिली, जबकि न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका से सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
स्पिन और बल्लेबाजी का मुकाबला
कोलंबों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच इस मुकाबले की शुरुआत शाम सात बजे होगी। मैच में स्पिन और बल्लेबाजी के कौशल की परीक्षा होगी। पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक की अगुआई में मजबूत स्पिन गेंदबाजी आक्रमण है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम में सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट और फिन एलन के अलावा, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र और मार्क चेपमैन जैसे खिलाड़ी हैं, जो टीम की बल्लेबाजी को मजबूती प्रदान करते हैं।
पाकिस्तान के लिए कोलंबो की पिच अनुकूल
पाकिस्तान के लिए एक अच्छा संकेत यह है कि उसकी टीम कोलंबो और श्रीलंकाई परिस्थितियों से पहले ही परिचित है। पाकिस्तान ने आर प्रेमादासा स्टेडियम में दो मुकाबले खेले हैं और यहां की पिच से अच्छी तरह वाकिफ है। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए चुनौती यह है कि उनके खिलाड़ी भारत में अधिकतर बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर खेल चुके हैं, और अब उन्हें कोलंबो की धीमी पिच पर पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण का सामना करना होगा। हालांकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भारत के विश्वस्तरीय स्पिनरों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पर होगी नजर
टी20 विश्व कप में अब तक न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ने सात मैच खेले हैं, जिनमें पाकिस्तान ने पांच और न्यूजीलैंड ने दो मैच जीते हैं। अतीत को ध्यान में रखते हुए, न्यूजीलैंड की टीम सतर्कता के साथ आक्रामक रुख अपनाएगी। पाकिस्तान के पास अच्छा स्पिन आक्रमण है, लेकिन उसकी बल्लेबाजी केवल साहिबजादा फरहान के आसपास ही घूमती है। तेज गेंदबाजी पाकिस्तान के लिए समस्या बनती जा रही है। न्यूजीलैंड को उम्मीद है कि मिचल सैंटनर की कप्तानी में उनकी बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी टीम को पाकिस्तान के खिलाफ बढ़त दिलाएगी।






