एंटरटेनमेंट डेस्क, 15 मार्च 2026:
हरियाणा के पानीपत में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए रैपर बादशाह को जान से मारने की धमकी दी गई है। पोस्ट में खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए टटीरी गाने को लेकर आपत्ति जताई गई है। इसमें लिखा गया है कि गाने के जरिए हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की गई है और इस बार सीधे माथे पर गोली मारने की बात कही गई है।
यह पोस्ट रणदीप मलिक अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया पेज से डाली गई बताई जा रही है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि हाल ही में पानीपत के एक मनी एक्सचेंज कार्यालय पर हुई फायरिंग उसी गैंग की ओर से करवाई गई थी।
दरअसल शनिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे पानीपत शहर की मॉडल टाउन कॉलोनी में असंध रोड स्थित अनेजा पेट्रोल पंप के पास एक मनी एक्सचेंज कार्यालय पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमलावरों ने बाहर से ही कार्यालय के शीशों पर करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
कार्यालय संचालक को पहले से कुछ संदिग्ध गतिविधियों का अंदेशा हो गया था। इस पर उसने आधा घंटा पहले ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी थी और टीम के कहने पर शिकायत दर्ज कराने थाने चला गया था। इसी दौरान बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और सीआईए की टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध हमलावर नजर आए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर सुबह करीब नौ बजे से ही इलाके में रेकी कर रहे थे।
फायरिंग की घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट में इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में मनी एक्सचेंज कार्यालय पर हवाला के जरिए पैसा बाहर भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है। कहा कि अभी ट्रेलर दिखाया गया है, पिक्चर अभी बाकी है। पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट की जांच की जा रही है। फायरिंग की घटना और धमकी भरे संदेश को लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।






