लखनऊ, 9 मार्च 2026:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में कोलकाता जा रहे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सोमवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर करीब एक घंटे तक विमान में ही फंसे रहे। इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण उड़ान में देरी हो गई। इससे तमाम यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट को सोमवार सुबह लखनऊ से कोलकाता के लिए रवाना होना था। निर्धारित समय पर विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था तभी तकनीकी समस्या सामने आ गई। सुरक्षा को देखते हुए एयरलाइन के इंजीनियरों को तुरंत जांच के लिए बुलाया गया और विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच के दौरान विमान में मौजूद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित अन्य सभी यात्रियों को विमान में ही बैठे रहना पड़ा। करीब एक घंटे तक उड़ान रुकी रही। इस दौरान यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने पूरी सतर्कता के साथ समस्या की जांच और मरम्मत की।
इंजीनियरों ने तकनीकी खामी को ठीक कर दिया जिसके बाद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई। करीब एक घंटे की देरी के बाद फ्लाइट ने लखनऊ से कोलकाता के लिए सुरक्षित उड़ान भरी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार तकनीकी जांच पूरी होने और सभी सुरक्षा मानकों के संतुष्ट होने के बाद ही विमान को रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों डिप्टी सीएम कोलकाता में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। इस बैठक में पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया जाएगा। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इस बैठक में भाग लेने के लिए कोलकाता पहुंचे हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी हुई है। ऐसे में इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।






