National

बांसुरी, गोपियां और महारास… आखिर वृंदावन में क्या कर रहे तेजप्रताप यादव?

भोजपुरी फिल्म ‘मोहन’ की ब्रज में शुरू हुई शूटिंग, वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन के पावन स्थलों पर होगा फिल्मांकन, काजल राघवानी संग नजर आए पूर्व मंत्री, खरीदी श्रीकृष्ण की प्रतिमा

मथुरा, 31 मई 2026:

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव इन दिनों एक बिल्कुल नए और आध्यात्मिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। राजनीति से इतर इस बार वह भोजपुरी फिल्म ‘मोहन’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म की शूटिंग ब्रजभूमि के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर की जा रही है, जिसकी शुरुआत वृंदावन के ऐतिहासिक वंशीवट से हुई।

शनिवार को वंशीवट पर फिल्म के महारास दृश्य की शूटिंग की गई। शूटिंग के दौरान तेजप्रताप यादव श्रीकृष्ण के वेश में बांसुरी बजाते नजर आए, जबकि उनके चारों ओर गोपियां नृत्य करती दिखाई दीं। इस दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिल्म में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी भी मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हालांकि पूरी परियोजना को काफी हद तक गोपनीय रखा गया है, लेकिन वंशीवट पर हुई शूटिंग ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, ‘मोहन’ की शूटिंग वृंदावन के अलावा बरसाना और गोवर्धन सहित ब्रज के कई अन्य तीर्थस्थलों पर भी विभिन्न चरणों में की जाएगी।

बताया जाता है कि तेजप्रताप यादव शुक्रवार को ही अपने सहयोगियों के साथ वंशीवट पहुंचे थे और मंदिर के महंत गोविंद जी से शूटिंग को लेकर चर्चा की थी। हालांकि खराब मौसम के कारण उस दिन शूटिंग नहीं हो सकी। इसके बाद शनिवार सुबह करीब 11 बजे टीम दोबारा पहुंची और भजन तथा महारास से जुड़े दृश्यों का फिल्मांकन शुरू हुआ, जो दोपहर तीन बजे तक चलता रहा।

मंदिर के महंत के अनुसार, शूटिंग के दौरान तेजप्रताप काफी सहज और शांत नजर आए। उन्होंने कलाकारों के साथ कई धार्मिक दृश्यों में भाग लिया और बांसुरी बजाते हुए श्रीकृष्ण की भूमिका को जीवंत बनाने का प्रयास किया।

शूटिंग के बाद तेजप्रताप यादव ने वृंदावन के बाजार में भी भ्रमण किया। वह काजल राघवानी के साथ रंगजी मंदिर क्षेत्र स्थित एक मूर्ति शोरूम पहुंचे, जहां उन्होंने माखनचोर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा खरीदी। इसके साथ ही उन्होंने पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री और पोशाक भी ली। पूरे दौरे के दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।

ब्रज से अपने विशेष लगाव के लिए पहचाने जाने वाले तेजप्रताप यादव पहले भी कई बार वृंदावन, बरसाना और यमुना तट पर भक्ति भाव में दिखाई दे चुके हैं। अब श्रीकृष्ण की भूमिका में उनकी यह नई पारी राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा जगत में भी चर्चा का केंद्र बन गई है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button