Lucknow City

बहू के इश्क व साजिश का शिकार बनी सास का शव कब्र से निकाला…पोस्टमार्टम होगा, प्रेमी फरार

बहू ने कबूली थी खाने में जहर देकर जान लेने की बात, पति ने दर्ज कराई एफआईआर, पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति से 6 दिन बाद शव बाहर निकलवाया

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 12 अप्रैल 2026:

काकोरी के मोहान रोड स्थित इब्राहिम गंज गांव में जहर देकर सास की जान लेने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी बहू द्वारा प्रेम प्रसंग व जहर देने बात कबूल करने पर एफआईआर दर्ज हो गई। वहीं पुलिस ने मजिस्ट्रेट से अनुमति लेकर शनिवार शाम कब्र की खुदाई कर वृद्धा का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसीपी काकोरी शकील अहमद की मौजूदगी में करीब 6 दिन पहले खेत में दफनाए गए शांति देवी के शव को निकाला गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के साथ बिसरा जांच के जरिए जहर की पुष्टि कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 8.08.11 AM

दरअसल, इब्राहिम गंज निवासी मनोज रावत की पत्नी शालिनी रावत का अपने रिश्ते के भांजे से प्रेम संबंध था। इस संबंध में सास शांति देवी बाधा बन रही थीं। इसी वजह से 5 अप्रैल की रात शालिनी ने खाने में रोटी के साथ जहर मिलाकर सास को खिला दिया।

जहर मिला खाना खाने के बाद शांति देवी की तबीयत बिगड़ गई और 6 अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने शव को खेत में दफना दिया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब रिश्तेदार किशोर ने जहर देने की जानकारी दी। पुलिस ने पूछताछ की तो शालिनी ने जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद मनोज रावत की तहरीर पर शालिनी और भांजे करन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने जहर मिली बची हुई रोटी भी बरामद की है। आरोपी बहू शालिनी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि फरार करन की तलाश जारी है। कब्र की खुदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button