लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:
लखनऊ में स्वच्छता और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास से 250 नए इलेक्ट्रिक और सीएनजी कूड़ा प्रबंधन वाहन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा ये सभी वाहन लखनऊ के प्रत्येक वार्ड में आज से ‘डोर-टू-डोर’ कूड़ा प्रबंधन कार्यक्रम से जुड़कर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे और शहर को क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीएम ने कहा कि नवनिर्माण के 9 वर्ष में हमारा लखनऊ भी स्वच्छता रैंकिंग में देश के अंदर टॉप 3 में शामिल हुआ है। कोई कार्बन उत्सर्जन न हो, कोई प्रदूषण न हो, उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आज का यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय पहल है। लखनऊ में मेट्रो का सफल संचालन हुआ है। कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ-साथ सड़कों के चौड़ीकरण, जल निकासी तथा बुनियादी सुविधाओं से लखनऊ को आच्छादित करने का कार्य निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने कहा गोमती नदी के पुनरुद्धार कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही, कुकरैल में जो अनधिकृत कब्जा था, वहां आज सौमित्र वन विकसित किया गया है। इलेक्ट्रिक बस सेवा को विस्तार देने का कार्य हो रहा है। हम लोगों ने तय किया है कि शहरों में सिटी बस सेवा को इलेक्ट्रिक बस सेवा में बदलेंगे।

हम लोगों ने पूरे प्रदेश में 16 लाख लाइटें बदलीं और LED स्ट्रीट लाइट लगाई हैं। आज आप प्रदेश के किसी भी शहर में चले जाइए, LED स्ट्रीट लाइट से पूरा शहर एकदम दूधिया रोशनी में जगमगाता हुआ दिखाई देता है। हमने लखनऊ समेत प्रदेश के सभी नगर निगमों में LED स्ट्रीट लाइट लगाई। जिन लोगों को रात के अंधेरे में डकैती डालने की आदत थी, उनके लिए अंधेरा ठीक था। हम तो सूर्य के उपासक हैं और सूर्यवंशी प्रभु श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी के नाम पर लक्ष्मणपुरी से इस अभियान को आगे बढ़ाया।
सीएम ने कहा कि सूर्यवंशी प्रभु श्रीराम की पावन नगरी श्री अयोध्या जी सोलर सिटी के रूप में विकसित हो गई है। लखनऊ में भी इसी तर्ज पर सोलर पैनल लगाकर इस कार्य को तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। जब नागरिक स्वस्थ होंगे तभी समृद्धि आएगी। स्वच्छता हमारे शहरों और राज्य की समृद्धि का आधार बनती है।
पूरे सिस्टम की निगरानी नगर निगम के कमांड एंड कंट्रोल रूम से की जा रही है, जहां से कूड़ा उठान की लाइव मॉनिटरिंग संभव है। नागरिक शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 1533 और टोल फ्री नंबर 18001234999 व 1800206172 जारी किए गए हैं। नए 250 वाहनों के शामिल होने से कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था और मजबूत हुई है। ई-वाहनों के संचालन के लिए शहर में 13 स्थानों पर 520 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जो भविष्य में बढ़ते ई-वाहन नेटवर्क का आधार बनेंगे।

इस पहल से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वेस्ट टू वेल्थ और सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को भी बल मिलेगा, जिसमें कूड़े को संसाधन के रूप में उपयोग किया जाएगा। ये प्रयास लखनऊ को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और एक आदर्श सस्टेनेबल अर्बन मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, लखनऊ पूर्व के विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य राम चन्द्र प्रधान, मलिहाबाद की विधायक जय देवी, मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार, सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, मुकेश शर्मा, डॉ. लाल जी प्रसाद ‘निर्मल’, योगेश शुक्ल, पवन कुमार सिंह, संतोष सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






