प्रमोद पासी
उन्नाव, 23 जनवरी 2026:
मौरावां इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे घायल हालत में मौरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मौरावां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मौरावां-कालूखेड़ा मार्ग पर जियो पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक मोड़ी और भागने लगे।
भागते वक्त अफरातफरी में बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी बाइक लेकर लखनऊ की तरफ फरार हो गया। सड़क पर गिरे युवक ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में जा लगी। घायल युवक की पहचान मो. नईम खां उर्फ मोटू के रूप में हुई है। वह थाना बंथरा लखनऊ का रहने वालाहै।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जनवरी को असोहा थाना क्षेत्र में उसने एसओजी टीम की दो गाड़ियों में टक्कर मारकर स्कॉर्पियो से फरार होने की कोशिश की थी। उस दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की गई थी। इस मामले में असोहा थाने में तत्कालीन एसओ फूल सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सीओ पुरवा तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश किराये पर वाहन लेकर गोकशी की वारदातों को अंजाम देता था। 14 जनवरी को भी वह अपने साथी के साथ असोहा क्षेत्र में इसी नीयत से पहुंचा था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने हमला कर भागने की कोशिश की थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मो. नईम खां पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सीतापुर जिले के थाना कमलापुर में उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज है। इसके अलावा असोहा थाने में भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।






