सीतापुर, 30 जनवरी 2026:
सीतापुर में पुलिस ने रिटायर्ड लेखपाल के घर हुई डकैती के मामले में शामिल बदमाश कलीम को गिरफ्तार कर लिया है। कलीम पर 20 हजार रुपये का इनाम था और वह तालगांव थाना क्षेत्र में हुई डकैती के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने कलीम के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, एक तमंचा बरामद किया है।
यह डकैती की वारदात तालगांव थाना क्षेत्र के निवासी रिटायर्ड लेखपाल अमर सिंह वर्मा के घर हुई थी, जहां बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को असलहों की नोक पर बंधक बनाकर करीब सात लाख रुपये की नकदी और लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। यह सनसनीखेज घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज लखनऊ, किरण एस ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी।
पुलिस ने पहले ही सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन कलीम फरार था। कलीम के खिलाफ सीतापुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी और बहराइच जिलों में 12 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सीओ लहरपुर आलोक प्रसाद के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कलीम सलेमपुर तिराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कलीम को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा व नगदी बरामद हुई। पुलिस अब कलीम से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।






