वाराणसी, 2 मार्च 2026:
वाराणसी दौरे पर पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी के धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन व पुलिस को सख्त संदेश दिया। समीक्षा बैठक के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों से दुर्व्यवहार की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। मंदिर प्रशासन और पुलिस को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए जिससे भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सीएम ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में बनी दुकानों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाए और मंदिर परिसर में मिलने वाली सामग्रियों की कीमतें वाजिब रखी जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि धार्मिक संस्थाएं कमाई का जरिया नहीं बल्कि श्रद्धा का केंद्र हैं। इसी भावना के अनुरूप व्यवस्थाओं को संवेदनशील और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

कानून व्यवस्था की समीक्षा में चंदौली के किन्नर मामले पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। दोषी इंस्पेक्टर पर निलंबन के साथ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अपराध के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि अपराधियों के प्रति ढील नहीं चलेगी। अवैध शराब और कोडिन कफ सिरप के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी और कहीं भी जहरीली शराब की बिक्री न होने देने के निर्देश दिए गए।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जिम की जांच कराने और महिला प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। त्योहारों के मद्देनजर होली पर हुड़दंगियों पर कार्रवाई, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सख्ती तथा अतिक्रमण कर वाहन पार्क करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट पर मैनपावर बढ़ाने को कहा गया। साथ ही निर्माण के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और किसी नई परंपरा को अनुमति न देने का निर्देश दिया गया।






