राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 फरवरी 2026:
उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पहले चरण में छह जनपदों की 484 महिलाओं को 3 करोड़ 45 लाख 34 हजार 500 रुपये की सहायता दी है। यह पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में योजना की पहली किस्त जारी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वाभिमान और संघर्ष को सम्मान देने का प्रयास है। इससे एकल महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी होंगी और समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगी।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने योजना को एकल महिलाओं के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता, अविवाहित, एसिड या अपराध पीड़ित और ट्रांसजेंडर महिलाओं को ध्यान में रखकर यह योजना तैयार की गई है। मकसद केवल सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनाना है।
योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक के प्रोजेक्ट पर 75 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। इसमें अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का अनुदान शामिल है। दूसरे चरण में शेष सात जनपदों की 540 महिलाओं का चयन हो चुका है और उन्हें भी इसी महीने के अंत तक धनराशि मिल जाएगी। कार्यक्रम में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






