एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 फरवरी 2026:
विवादों में घिरी फिल्म द केरल स्टोरी 2 की रिलीज फिलहाल सस्पेंस में फंस गई है। अदालत में चल रही कानूनी प्रक्रिया के बीच अब दर्शकों द्वारा बुक किए गए टिकटों का पैसा वापस किया जा रहा है। इसके बाद फिल्म का विरोध कर रहे याचिकाकर्ताओं ने अवमानना याचिका दाखिल न करने का फैसला लिया है।
फिल्म की रिलीज पर पहले केरल हाईकोर्ट ने अंतरिम रोक लगा दी थी। बाद में डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के आदेश में बदलाव करते हुए सेंसर बोर्ड को फिल्म दोबारा देखने का निर्देश दिया। हालांकि कानूनी स्थिति साफ न होने की वजह से सिनेमाघरों में रिलीज टल गई।
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने बताया कि रोक के बावजूद टिकट बुकिंग जारी रहने पर आपत्ति जताई गई थी। अब जब फिल्म रिलीज नहीं हुई और टिकट का पैसा भी लौटाया जा रहा है, तो प्रोड्यूसर के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की जरूरत नहीं समझी गई।
दरअसल फिल्म को लेकर हाईकोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई थीं। इनमें सेंसर बोर्ड से मिले सर्टिफिकेट को चुनौती देते हुए आरोप लगाया गया कि फिल्म में केरल की छवि गलत तरीके से पेश की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि फिल्म का विषय और प्रचार सामग्री सामाजिक माहौल पर असर डाल सकती है और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा पैदा कर सकती है।
कुछ याचिकाओं में फिल्म के शीर्षक से केरल शब्द हटाने की मांग भी की गई थी। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है और सेंसर बोर्ड की दोबारा समीक्षा के बाद ही फिल्म के भविष्य पर अंतिम फैसला साफ हो पाएगा। इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का मानना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक फिल्म की रिलीज डेट आगे खिसक सकती है, जिससे मेकर्स और थिएटर मालिक दोनों इंतजार की स्थिति में हैं।






