Business

खुलते ही धराशायी हुआ बाजार… ट्रम्प के इस बयान से आई इतनी गिरावट, जानिए सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

ग्लोबल बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और ट्रम्प के टैरिफ वाले बयान के असर से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली, जहां सेंसेक्सऔर निफ्टी में भारी गिरावट आई

बिजनेस डेस्क, 19 जनवरी 2026:

भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत आज कमजोरी के साथ हुई। ग्लोबल बाजारों से मिल रहे नकारात्मक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर साफ दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 600 अंक टूटकर 82,950 के स्तर के पास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 200 अंकों से ज्यादा गिरकर 25,500 के आसपास कारोबार करता दिखा। सुबह से ही गिफ्ट निफ्टी में 150 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही थी, जिसका सीधा असर दलाल स्ट्रीट पर पड़ा।

ट्रम्प के बयान से बाजार में डर

बाजार में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बयान माना जा रहा है। ट्रम्प ने ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों को चेतावनी दी है कि जो देश उनकी योजनाओं का विरोध करेंगे, उन पर भारी आयात शुल्क लगाया जाएगा। इस बयान के बाद अमेरिका से लेकर एशिया तक के शेयर बाजारों में दबाव देखा गया। जानकारों का कहना है कि अगर ट्रेड वॉर जैसी स्थिति बनी, तो आने वाले दिनों में बाजार में और ज्यादा उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

StockMarketCrash-1756186959223_v

रिलायंस और ICICI बैंक ने बढ़ाया दबाव

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 14 में तेजी और 16 में गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज और ICICI बैंक जैसे भारी वेटेज वाले शेयरों में करीब 3 प्रतिशत तक की गिरावट आई। रिलायंस के तीसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे, लेकिन मार्जिन में हल्की कमी के कारण निवेशकों ने मुनाफा वसूली की। वहीं ICICI बैंक के नतीजे भी सामान्य रहने के बावजूद शेयर में बिकवाली देखने को मिली। दूसरी तरफ इंडिगो, टेक महिंद्रा और HUL के शेयरों में 4 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। NSE के IT, मीडिया, रियल्टी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में 2 प्रतिशत तक की कमजोरी रही।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

भारतीय शेयर बाजार से विदेशी संस्थागत निवेशकों (Foreign Institutional Investors) की निकासी लगातार जारी है। जनवरी महीने में अब तक FII करीब 16,600 करोड रुपये की बिकवाली कर चुके हैं। हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशक लगातार खरीदारी कर बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ग्लोबल दबाव के सामने यह समर्थन कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। इसी बीच डॉलर में उतार चढ़ाव और रुपये पर दबाव भी बाजार की धारणा को प्रभावित कर रहा है।

सोना चमका, आगे क्या रहेगा फोकस

ग्लोबल अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना और चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली। आज सुबह सोना करीब 1.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,670 डॉलर के पार पहुंच गया, जो एक नया रिकॉर्ड है, जबकि चांदी में 3 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया। बाजार के जानकारों का मानना है कि इस हफ्ते भी उतार चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों की नजर चीन के GDP आंकड़ों और यूरोप के महंगाई डेटा पर रहेगी। तकनीकी तौर पर निफ्टी के लिए 25,500 का स्तर मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। शुक्रवार को सेंसेक्स 187 अंक चढ़कर 83,570 और निफ्टी 28 अंक की तेजी के साथ 25,694 पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button