हरदोई, 9 मार्च 2026:
हरपालपुर क्षेत्र में घर के अंदर रखे पानी से भरे ड्रम में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्चा घर में खेल रहा था और मां कुछ देर के लिए बाहर खड़ी थी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम फैला है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुरवा निवासी विक्रम हैदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घर पर उनकी पत्नी प्रेमवती अपने तीन बेटियों और दो वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ रहती हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार दोपहर गैस एजेंसी के कुछ कर्मचारी दरवाजे पर आए थे। उनसे बात करने के लिए प्रेमवती घर के बाहर चली गईं। उस समय हिमांशु घर के अंदर खेल रहा था।
घर में हैंडपंप के पास जानवरों को पानी पिलाने और चारा देने के लिए एक कटे ड्रम में पानी भरा रखा था। खेलते समय हिमांशु उसी ड्रम में गिर गया और पानी में डूब गया। करीब 15 मिनट बाद जब प्रेमवती घर के अंदर आईं तो उन्होंने बेटे को ड्रम में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत उसे बाहर निकाला और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव घर ले गए।






