लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:
मौसम ने अचानक करवट लेकर सभी अनुमान उलट दिए। मंगलवार देर रात शुरू हुई बूंदाबांदी बुधवार सुबह तक तेज बारिश में बदल गई। राजधानी के गोमती नगर, हजरतगंज, आलमबाग, पीजीआई समेत कई इलाकों व अवध क्षेत्र के कई जिलों में सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसके साथ चल रही ठंडी हवाओं ने बीते दिनों की तेज गर्मी से राहत दिलाई है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखा। आंचलिक मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से आया है। इसका असर अभी बना रहेगा। अनुमान है कि लखनऊ और आसपास के जिलों में अगले 24 से 48 घंटे तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। इसका हल्का असर राजधानी के बाहरी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इधर, मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिए हैं कि इस साल अप्रैल से जून के बीच गर्मी ज्यादा तीखी रहने वाली है। खासकर पूर्वांचल और मध्य यूपी में लू के दिनों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि अप्रैल में बीच-बीच में बारिश राहत देती रहेगी।
बता दें कि मंगलवार को दिन में तेज धूप के चलते गर्मी बढ़ी रही, लेकिन रात करीब 11 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और मौसम बदल गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन-चार दिन में धूप तेज होने के साथ तापमान फिर बढ़ सकता है। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मौसम में फिर बदलाव के संकेत हैं।






