Sitapur City

घर में बना रहे थे कच्ची शराब…पड़ोसी की शिकायत पर दबंगों का हमला, तीन घायल

सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसाहिया गांव की घटना, शराब पीने वाले ग्राहक मचाते थे उत्पात, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच, अवैध शराब के आरोपों की भी पड़ताल

सीतापुर, 1 मार्च 2026:

सकरन थाना क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने की शिकायत करने पर बवाल खड़ा हो गया। बेलवा बसाहिया गांव में दबंगों ने एक परिवार पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गांव में रहने वाली रंजना के मुताबिक पड़ोसी मिथलेश के घर पर लंबे समय से अवैध कच्ची शराब बनाने का काम चल रहा था। वहां शराब पीने आने वाले लोग अक्सर गाली गलौज और अभद्र व्यवहार करते थे, जिससे परिवार परेशान रहता था। जब उन्होंने इसका विरोध किया और शिकायत की, तो आरोपी नाराज हो गए।

पड़ोसी मिथलेश, जितेंद्र, विकास और उनके घर की महिलाओं ने मिलकर रंजना व उसके परिजनों विपिन और बंटू पर हमला कर दिया। लाठी डंडों से की गई मारपीट में तीनों लोग घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि शराब के नशे में आने वाले लोग आए दिन विवाद करते थे और मना करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते थे। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सांडा भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। साथ ही अवैध शराब बनाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button