Hardoi City

गुस्से में भाई को बस से कुचलकर मार डाला…जेल जाने के डर से की खुदकुशी

फरार युवक का शव बाग में फंदे से लटका मिला, चार महीने से था फरार, भाइयों के बीच था संपत्ति विवाद

हरदोई, 8 फरवरी 2026:

बघौली थाना क्षेत्र में भाई की हत्या के आरोप में चार महीने से फरार चल रहे युवक गुड्डू का शव गांव के बाहर एक बाग में रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर जेल जाने के डर में खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।

बघौली क्षेत्र के मकरंदापुर गांव निवासी गुड्डू पर सितंबर माह में अपने भाई राकेश की बस से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगा था। गुड्डू नशे का आदी था और अपनी हिस्से की संपत्ति बेच चुका था। उसकी पत्नी रीना और पांच बेटे व एक बेटी रोजी रोटी के लिए दिल्ली चले गए थे। गुड्डू ने अपने नशे के शौक के लिए भाई राकेश के हिस्से की जमीन हथियानी चाही।

इसी वजह से दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया था। मौका पाकर उसने भाई को बस से कुचल दिया। मृतक के दूसरे भाई रामू की तहरीर पर गुड्डू और उसके साथी इलियास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इलियास को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि गुड्डू तभी से फरार चल रहा था। अब सुबह गांव के पास ही एक बाग में उसका शव लटका मिला। पुलिस को आशंका है कि उसने जेल जाने के डर से खुदकुशी की है। फिलहाल शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button